लंदन: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है. इस्तीफे की जानकारी देते हुए उन्होंने भावुक विदाई भाषण दिया और कहा कि अब वह अपने परिवार के साथ ज्यादा समय बिताना चाहते हैं.
स्टार्मर ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा करना उनके लिए सम्मान की बात रही, लेकिन अब वह एक अच्छे पति और पिता की जिम्मेदारियों पर अधिक ध्यान देना चाहते हैं. उन्होंने अपनी पत्नी विक्टोरिया का धन्यवाद करते हुए कहा कि कठिन और अच्छे समय में उन्होंने हमेशा उनका साथ दिया.
भाषण के दौरान उन्होंने अपने बच्चों का भी जिक्र किया और कहा कि वे उनके जीवन की सबसे बड़ी खुशी और गर्व हैं. संबोधन खत्म होने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी को गले लगाया और फिर 10 डाउनिंग स्ट्रीट के अंदर चले गए.
नए नेता के चुने जाने तक पद पर रहेंगे
कीर स्टार्मर ने बताया कि उन्होंने अपने इस्तीफे की जानकारी ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय को दे दी है. साथ ही लेबर पार्टी से नए नेता के चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया है.
पार्टी में नए नेता के लिए नामांकन 9 जुलाई से शुरू होंगे और गर्मियों की छुट्टियों से पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. तब तक स्टार्मर अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे.
इस्तीफे की वजह क्या रही?
कीर स्टार्मर करीब दो साल से ब्रिटेन के प्रधानमंत्री थे. हालांकि उन्होंने पहले कहा था कि वह नेतृत्व से जुड़ी चुनौतियों का सामना करेंगे, लेकिन पिछले कुछ समय से उनके इस्तीफे की चर्चा तेज हो गई थी.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों ने उनसे सत्ता हस्तांतरण की स्पष्ट योजना पेश करने को कहा था. इसके अलावा हाल के स्थानीय चुनावों में लेबर पार्टी को नुकसान हुआ और जनमत सर्वेक्षणों में भी पार्टी की स्थिति कमजोर दिखाई दी.
इन कारणों से पार्टी के अंदर उनके नेतृत्व को लेकर सवाल उठने लगे और उन पर दबाव बढ़ता गया.
10 साल में पद छोड़ने वाले छठे प्रधानमंत्री
पिछले 10 वर्षों में ब्रिटेन में कई प्रधानमंत्रियों ने अलग-अलग कारणों से पद छोड़ा है.
कीर स्टार्मर के इस्तीफे के बाद अब सभी की नजर लेबर पार्टी के नए नेता और ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री पर टिकी हुई है.
ये भी पढ़ें- Global Firepower Index: दुनिया के 10 सबसे ताकतवर देशों की लिस्ट जारी, क्या है भारत का नंबर? देखें