दिल्ली विधानसभा में घुसपैठ करने वाले 3 आरोपी पकड़े गए, कार जब्त; जानें क्या था मकसद

Delhi Assembly Security Breached: दिल्ली पुलिस ने विधानसभा में कार घुसाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनमें कार का ड्राइवर भी शामिल है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गाड़ी भी बरामद कर ली है.

3 accused who intruded into Delhi Assembly caught car seized Know what was the motive
Image Source: Social Media

Delhi Assembly Security Breached: दिल्ली पुलिस ने विधानसभा में कार घुसाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनमें कार का ड्राइवर भी शामिल है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गाड़ी भी बरामद कर ली है.

जांच में सामने आया है कि यह कार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में रजिस्टर्ड है. कार का नंबर UP-26 AZ 8090 बताया गया है. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने ऐसा क्यों किया.

रूप नगर से हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने घटना के कुछ ही समय बाद आरोपियों को दिल्ली के रूप नगर इलाके से पकड़ लिया. कार चला रहे आरोपी की पहचान सरबजीत के रूप में हुई है और गाड़ी भी उसी के नाम पर रजिस्टर्ड है. 

इस मामले में लोकल पुलिस के साथ-साथ स्पेशल सेल और अन्य एजेंसियां भी जांच में जुटी हुई हैं. घटना के बाद दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा खुद मौके पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ बैठक की. उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

गेट तोड़कर अंदर घुसी थी कार

सोमवार को एक टाटा सिएरा कार विधानसभा के गेट नंबर 2 को तोड़कर अंदर घुस गई थी. इस दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई. बताया गया कि कार से एक व्यक्ति बाहर निकला, उसने एक गुलदस्ता रखा और वहां से चला गया. राहत की बात यह रही कि गुलदस्ते में कोई संदिग्ध या खतरनाक चीज नहीं मिली.

सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल

घटना के समय वीआईपी गेट पर CRPF के जवान तैनात थे. इसके बावजूद कार का अंदर घुस जाना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है. राजधानी के इतने संवेदनशील इलाके में ऐसी घटना से प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है.

अमित शाह ने ली जानकारी

इस घटना के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता से फोन पर बात की और मामले की जानकारी ली. घटना के बाद स्पीकर ने उस गाड़ी का इस्तेमाल भी बंद कर दिया है.

AAP ने उठाए सवाल

आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने इस घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि विधानसभा जैसी हाई सिक्योरिटी जगह पर इस तरह कार का घुसना बेहद गंभीर मामला है.

उन्होंने यह भी कहा कि एक तरफ विधायकों को गेट पर रोका जाता है और दूसरी तरफ कोई गाड़ी आसानी से अंदर पहुंच जाती है. लगातार मिल रही धमकियों और इस तरह की घटनाओं को लेकर उन्होंने सरकार से जवाब मांगा है.

जांच जारी

फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है. पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि इस घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है.

ये भी पढ़ें- इस चुनाव में कांग्रेस की हार की सेंचुरी लगेगी... असम के बरपेटा में बोले पीएम मोदी, जानें और क्या कहा