AB de Villiers Century: क्रिकेट के मैदान पर एक बार फिर वही पुराना तूफान लौटा है, नाम है एबी डिविलियर्स. साउथ अफ्रीका के इस पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2024 में अपना दूसरा शतक ठोककर टूर्नामेंट में धूम मचा दी है. भारत के खिलाफ सेंचुरी जड़ने के बाद अब डिविलियर्स ने ऑस्ट्रेलिया लीजेंड्स के खिलाफ भी बल्ले से कहर बरपाया.
39 गेंद में पूरा किया शतक, 46 गेंद में बनाए 123 रन
डिविलियर्स ने महज 39 गेंदों में शतक पूरा कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया. उन्होंने अपनी आतिशी पारी में 15 चौके और 8 छक्के लगाए और 46 गेंदों में 123 रन बनाकर पवेलियन लौटे. यह पारी इतनी विस्फोटक रही कि 14वें ओवर तक ही ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की कमर टूट चुकी थी.
उनका विकेट पीटर सिडल ने लिया, लेकिन तब तक डिविलियर्स अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा चुके थे. उनके साथी सलामी बल्लेबाज जेजे स्मट्स ने भी शानदार 85 रन बनाए और दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 187 रनों की साझेदारी की.
लीग में दो शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी
एबी डिविलियर्स अब इस टूर्नामेंट में दो शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ भी 41 गेंदों में सेंचुरी ठोकी थी. गौरतलब है कि इस टूर्नामेंट की शुरुआत 2024 में हुई है और अब तक केवल कुछ ही बल्लेबाज शतक तक पहुंचे हैं, जिनमें बेन डंक, सारेल एर्वी और कामरान अकमल शामिल हैं.
एक बार फिर दिखाया क्लास
डिविलियर्स ने यह भी साबित कर दिया कि उम्र सिर्फ एक संख्या है. उन्होंने ब्रेट ली जैसे गेंदबाज के खिलाफ आत्मविश्वास से चौका-छक्का जड़ा और अपने पुराने फॉर्म की झलक दिखाई. यह वही डिविलियर्स हैं जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट से 2018 में 34 साल की उम्र में संन्यास लेकर सबको चौंका दिया था, और अब लीजेंड्स क्रिकेट में अपना जलवा फिर बिखेर रहे हैं.
साउथ अफ्रीका ने 241 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया
डिविलियर्स और स्मट्स की तूफानी शुरुआत के दम पर साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 241 रन बनाए. इस स्कोर ने मैच में दक्षिण अफ्रीकी टीम की स्थिति को पहले ही मजबूत बना दिया.
ये भी पढ़ें- अब खतरा दिखते ही हमला करेगा भारत, संयम से नहीं, आक्रामक जवाब देगा... सेना ने बनया नया युद्ध सिद्धांत