इस हफ्ते ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर मनोरंजन की भरमार है. नेटफ्लिक्स, जी5, सोनी लिव और जियो हॉटस्टार पर कई नई फिल्मों और सीरीज का आगाज हो रहा है, जिनमें डॉक्यूमेंट्री, थ्रिलर, फैमिली ड्रामा और कॉमेडी जैसी शैलियाँ शामिल हैं. ये नई रिलीज़ दर्शकों के विभिन्न रुचियों और पसंद के हिसाब से कुछ खास पेश कर रही हैं. तो आइए जानते हैं इस हफ्ते रिलीज होने वाली 5 प्रमुख हिंदी फिल्में और सीरीज के बारे में.
रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब
सोनी लिव पर 9 दिसंबर को रिलीज होने वाली "रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब" कश्मीर की एक दिल छू लेने वाली कहानी है. यह एक प्रेरणादायक स्पोर्ट्स सीरीज है, जो कश्मीर में पहला प्रोफेशनल फुटबॉल क्लब बनाने के प्रयासों पर आधारित है. सीरीज में कश्मीर के दो प्रमुख पात्र, एक हिंदू पंडित और एक मुस्लिम, की संघर्षपूर्ण यात्रा को दिखाया गया है, जो राजनीतिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना करते हुए फुटबॉल क्लब की स्थापना करते हैं.
साली मोहब्बत
जी5 पर 12 दिसंबर को रिलीज होने वाली सस्पेंस थ्रिलर "साली मोहब्बत" दर्शकों को एक दिलचस्प और रहस्यमयी सफर पर ले जाएगी. यह सीरीज दो टाइमलाइन में चलती है और स्मिता (राधिका आप्टे) के जीवन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी दुनिया उसके पति और कजिन की हत्या के बाद बिखर जाती है. दिव्येंदु शर्मा पुलिस ऑफिसर रतन के रूप में इस केस की जांच करते हुए, फुरसतगढ़ शहर के कई राज खोलते हैं.
द ग्रेट शम्सुद्दीन फैमिली
"द ग्रेट शम्सुद्दीन फैमिली" 12 दिसंबर को जियो हॉटस्टार पर रिलीज होगी, जिसमें एक दिन की कहानी को बारीकी से प्रस्तुत किया गया है. फिल्म की मुख्य पात्र बानी अहमद (कृतिका कामरा) है, जो विदेश में नौकरी के लिए एक जरूरी एप्लीकेशन जमा करना चाहती है, लेकिन अचानक उसका जटिल और भावनात्मक परिवार उसके घर आ पहुंचता है. बानी को सूरज डूबने से पहले अपनी जिंदगी के फैसले करने के लिए तमाम रुकावटों का सामना करना पड़ता है.
सिंगल पापा
नेटफ्लिक्स पर 12 दिसंबर को रिलीज होने वाली "सिंगल पापा" एक 30 वर्षीय आदमी गौरव गहलोत (कुणाल खेमू) की कहानी है, जो हाल ही में तलाक ले चुका है. वह अब अपने पारंपरिक परिवार से जूझते हुए एक बच्चा गोद लेने का फैसला करता है. यह सीरीज गौरव की पिता बनने की जटिल यात्रा, परिवार के दबाव और एक बच्चे को अपनाने के लिए उसके संघर्ष को ह्यूमरस और इमोशनल तरीके से दिखाती है.
केसरिया@100
"केसरिया@100" जी5 पर 12 दिसंबर को रिलीज होने वाली एक शानदार डॉक्यूमेंट्री है, जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 साल के सफर को दिखाती है. यह सीरीज डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा 1925 में संघ की स्थापना से लेकर उसके सामाजिक कार्य, शिक्षा और आपदा राहत में भूमिका तक की पूरी यात्रा को दर्शाती है. यह एक शानदार डॉक्यूमेंट्री है, जो संघ के प्रभाव और योगदान को बारीकी से पेश करती है.
ये भी पढ़ें: बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर' ने मचाया धमाल, फिर भी ये 5 रिकॉर्ड तोड़ने से चुकी रणवीर सिंह की फिल्म