Vitamin B12 Deficiency: आज की तेज़ रफ्तार ज़िंदगी में हम अक्सर थकान, चिड़चिड़ापन या ध्यान न लगने जैसी चीज़ों को सामान्य मान लेते हैं, लेकिन ये छोटी-छोटी बातें आपके शरीर की बड़ी जरूरत की ओर इशारा कर सकती हैं विटामिन B12 की कमी. यह एक ऐसा पोषक तत्व है जो न सिर्फ आपकी नसों और दिमाग को स्वस्थ रखता है, बल्कि शरीर को ऊर्जा देने में भी अहम भूमिका निभाता है. आइए जानते हैं विटामिन B12 की कमी के 5 प्रमुख लक्षण और इससे कैसे बचाव किया जा सकता है.
1. हर समय थकान और ऊर्जा की कमी
यह B12 की कमी का संकेत हो सकता है. यह विटामिन शरीर में लाल रक्त कोशिकाएं बनाने में मदद करता है, जो ऑक्सीजन को पूरे शरीर में पहुंचाती हैं. जब इसकी मात्रा कम हो जाती है, तो शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलती और थकान हावी हो जाती है.
2. त्वचा पर पीलापन या पीली झलक
अगर आपकी त्वचा पर अचानक हल्का पीला रंग नज़र आने लगे, तो यह एनीमिया का संकेत हो सकता है, जो B12 की कमी से जुड़ा है. यह लक्षण कभी-कभी पीलिया जैसा भी दिख सकता है, इसलिए इसे नजरअंदाज न करें, खासकर अगर थकान भी साथ हो.
3. हाथ-पैर में झुनझुनी या संतुलन की समस्या
विटामिन B12 नसों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है. इसकी कमी से Myelin Sheath को नुकसान पहुंचता है, जिससे हाथ-पैरों में सुन्नपन, झुनझुनी या सुई चुभने जैसी अनुभूति होती है. समय पर इलाज न मिलने पर चलने-फिरने में कठिनाई और संतुलन की समस्या (Ataxia) हो सकती है — जो स्थायी भी हो सकती है.
4. मानसिक स्वास्थ्य पर असर
B12 का सीधा असर दिमाग और मूड पर पड़ता है. इसकी कमी से डिप्रेशन, चिड़चिड़ापन, चिंता, यहां तक कि ब्रेन फॉग जैसी समस्याएं हो सकती हैं. बुज़ुर्गों में यह कमी डिमेंशिया जैसी गंभीर दिमागी बीमारियों का कारण बन सकती है. इसलिए अगर आप बार-बार भूलने लगे हैं या मूड स्विंग्स महसूस कर रहे हैं, तो सतर्क हो जाएं.
5. जीभ में सूजन और मुंह के छाले
Glossitis यानी जीभ में सूजन और जलन भी B12 की कमी का संकेत हो सकता है. इसके साथ ही मुंह में बार-बार छाले होना और खाना या बोलने में परेशानी होना भी इस विटामिन की कमी से जुड़ा हो सकता है.
क्यों है B12 की कमी खतरनाक?
अगर समय पर पहचान और इलाज न हो तो B12 की कमी से एनीमिया हो सकता है. नसों को स्थायी नुकसान हो सकता है. इससे डिप्रेशन और याददाश्त की समस्याएं हो सकती हैं. इसके अलावा गर्भवती महिलाओं में बच्चे के जन्म में विकृति का खतरा बढ़ जाता है. इसकी कमी से हार्ट डिजीज का खतरा बढ़ता है.
कैसे करें बचाव?
अगर आप शाकाहारी हैं या वेगन डाइट लेते हैं, तो आपको इस कमी का खतरा ज्यादा हो सकता है. लेकिन आप कुछ उपायों से खुद को सुरक्षित रख सकते हैं. संतुलित और पोषणयुक्त डाइट अपनाएं. दूध, दही, अंडा, मछली, पनीर जैसे फूड्स शामिल करें. वेगन लोग डॉक्टर की सलाह से B12 सप्लीमेंट लें. हर 6-12 महीने में B12 लेवल की जांच करवाएं.
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.