गुजरात के नवसारी में बड़ा हादसा, अचानक 50 फीट ऊंचा झूला टूटकर गिरा, कई लोग घायल, देखें वीडियो

Navsari Ride Collapse: गुजरात के नवसारी जिले के बिलिमोरा में सावन का मेला अचानक चीख-पुकार से गूंज उठा. रविवार रात बच्चों और परिवारों से भरा झूला अचानक टूटकर नीचे गिर गया.

50 ft ride crashes down in Navsari Gujarat
Image Source: Social Media

Navsari Ride Collapse: गुजरात के नवसारी जिले के बिलिमोरा में सावन का मेला अचानक चीख-पुकार से गूंज उठा. रविवार रात बच्चों और परिवारों से भरा झूला अचानक टूटकर नीचे गिर गया. कुछ ही पल में हंसी-खुशी का मेला दहशत में बदल गया. इस हादसे में दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए. गंभीर हालत में झूले के ऑपरेटर को सूरत रेफर किया गया है.

मेला और हादसा

बिलिमोरा के सोमनाथ मंदिर परिसर में हर साल सावन के मौके पर मेला लगता है. इस बार मेले का संचालन शिवम एजेंसी कर रही थी, जिसने सात झूलों की अनुमति ली थी. रविवार को भीड़ सामान्य से कहीं ज्यादा थी. इसी बीच 20 फीट ऊंचा झूला अचानक टूटकर गिर पड़ा. मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे.

घायल और गंभीर स्थिति

झूले पर 10 से 12 लोग सवार थे. हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो मासूम बच्चे और झूले का ऑपरेटर भी शामिल है. ऑपरेटर के सिर और कमर पर गहरी चोटें आई हैं, जिसके चलते उसे सूरत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अन्य घायलों का इलाज नवसारी के निजी अस्पताल में चल रहा है.

मंदिर ट्रस्ट ने दी सफाई

सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट ने हादसे में अपनी किसी भी जिम्मेदारी से इनकार कर दिया है. उनका कहना है कि उन्होंने केवल मेले के लिए जमीन किराए पर दी थी. तकनीकी निरीक्षण और सुरक्षा इंतजामों की जिम्मेदारी शिवम एजेंसी और संबंधित अधिकारियों की थी. हादसे के बाद एहतियातन सभी बड़े झूले बंद कर दिए गए हैं.

तकनीकी खराबी बनी वजह

नगर पालिका के कर्मचारी मलंगभाई कोलिया ने बताया कि हादसे के पीछे तकनीकी खराबी या केबल फेल होने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल एफएसएल टीम मौके पर जांच कर रही है.

मेले की रौनक पर सन्नाटा

आखिरी सावन सोमवार पर लगा यह मेला लोगों के लिए खुशियों का अवसर होना था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया. अब लोग हादसे के असली कारण जानने और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.  

ये भी पढ़ें: EC ने SIR ड्राफ्ट से हटे 65 लाख लोगों के नाम किए सार्वजनिक, कहीं आपका नाम तो नहीं कटा, ऐसे करें पता