इन दिनों सोशल मीडिया पर एक बार फिर 500 रुपये के नोट को लेकर भ्रम फैलाने वाला दावा तेजी से वायरल हो रहा है. मैसेज में कहा जा रहा है कि सरकार मार्च 2026 से 500 रुपये के नोट को चलन से बाहर करने जा रही है. इस संदेश के सामने आते ही लोगों में चिंता बढ़ गई, लेकिन अब सरकार ने इस पर आधिकारिक तौर पर स्थिति साफ कर दी है.
सरकारी फैक्ट-चेक एजेंसी प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने इस दावे को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है. PIB ने स्पष्ट किया है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 500 रुपये के नोट बंद करने को लेकर कोई घोषणा नहीं की है.
RBI की ओर से नहीं आया कोई ऐसा फैसला
PIB ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने फैक्ट चेक में कहा कि मार्च 2026 तक 500 रुपये के नोटों का प्रचलन खत्म करने की खबर झूठी है. RBI की ओर से ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है और न ही इस संबंध में कोई अधिसूचना जारी हुई है. सरकार ने साफ किया कि 500 रुपये के नोट पूरी तरह वैध हैं और पहले की तरह सभी प्रकार के लेनदेन में स्वीकार किए जा रहे हैं. लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें.
RBI to stop ₹500 notes from ATMs by March 2026❓🤔
— PIB Fact Check (@PIBFactCheck) January 2, 2026
Some social media posts claim that the Reserve Bank of India will discontinue the circulation of ₹500 notes by March 2026.#PIBFactCheck:
❌This claim is #fake!
✅ @RBI has made NO such announcement.
✅ ₹500 notes have… pic.twitter.com/F0Y3t0wHSf
किस तरह का मैसेज हो रहा है वायरल?
PIB के अनुसार, कुछ सोशल मीडिया पोस्ट्स में यह दावा किया जा रहा था कि RBI मार्च 2026 के बाद 500 रुपये के नोट वापस ले लेगा. इस दावे को फैक्ट चेक में पूरी तरह फर्जी पाया गया. PIB ने नागरिकों से कहा है कि किसी भी खबर को आगे बढ़ाने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जांच लें और फर्जी या अप्रमाणित सूचनाओं को शेयर करने से बचें.
पहले भी फैल चुकी हैं ऐसी झूठी खबरें
यह पहली बार नहीं है जब 500 रुपये के नोट को लेकर ऐसी अफवाहें फैली हों. इससे पहले भी कई बार सोशल मीडिया पर नोटबंदी जैसी खबरें वायरल हुई हैं, जिन्हें बाद में सरकार और PIB ने खारिज किया है. हर बार की तरह इस बार भी सरकार ने स्पष्ट किया है कि 500 रुपये के नोट को वापस लेने या बंद करने की कोई योजना नहीं है.
संसद में भी दी जा चुकी है स्थिति स्पष्ट
इस मुद्दे पर वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी पहले ही संसद में स्थिति साफ कर चुके हैं. उन्होंने बताया था कि 500 रुपये के नोटों की सप्लाई रोकने या उन्हें चलन से हटाने की कोई योजना सरकार के पास नहीं है. उन्होंने यह भी कहा था कि 100 रुपये, 200 रुपये और 500 रुपये के नोट पहले की तरह एटीएम से निकाले जा सकते हैं और इनकी वैधता को लेकर किसी तरह का संदेह नहीं होना चाहिए.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी घुसपैठियों की फील्डिंग सेट! छिपने की भी नहीं देगा जगह, जानें भारत के 'SUMITRA' की खासियत