Happy Patel Screening: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान अपने प्रोडक्शन हाउस की नई फिल्म को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कुछ अलग ही है. आमिर खान ने अपनी आने वाली फिल्म ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ का ऐलान किसी प्रेस कॉन्फ्रेंस या पोस्टर लॉन्च से नहीं, बल्कि एक मज़ेदार और ड्रामे से भरपूर वीडियो के जरिए किया है.
फिल्म में कॉमेडियन और एक्टर वीर दास मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, और इसी प्रमोशनल वीडियो में आमिर व वीर की हंसी-मजाक वाली नोकझोंक दर्शकों को खूब पसंद आ रही है.
मजेदार अंदाज़ में की घोषणा, आमिर ने जता दी “नाराजगी”
3 मिनट 45 सेकेंड के इस वीडियो में शुरुआत पोस्टर से होती है, जिसके बाद कैमरा कट होकर आमिर और वीर पर जाता है. यहां आमिर खान बेहद गुस्से में वीर दास से पूछते दिखते हैं. “क्या बनाया है तूने?” और आगे उन्हें झिड़कते हुए कहते हैं कि उन्होंने स्पाई, एक्शन और थ्रिलर फिल्म का वादा किया था लेकिन स्क्रीन पर कुछ भी वैसा नजर नहीं आया.
आमिर वीर को एक्शन, रोमांस और कहानी पर ताने मारते हुए कहते हैं कि स्टैंडअप कॉमेडी ही उनके लिए सही है, फिल्मों में हाथ डालना उनकी “बड़ी गलती” है. इसी बातचीत में वह वीर के रोमांस सीन का भी मजाक उड़ाते हैं और कहते हैं कि हीरोइन का थप्पड़ खाना रोमांस नहीं कहलाता.
"लाल सिंह चड्ढा" का जिक्र और बढ़ गया ड्रामा
बातचीत के बीच जैसे ही वीर दास मज़ाक में आमिर की फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ का फ्लॉप होने का तंज कसते हैं, आमिर तुरंत उखड़ जाते हैं और मज़ाक-मस्ती में वीर को पीटने लगते हैं. वीडियो का यह हिस्सा सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा वायरल हो रहा है. आमिर कहते हैं कि वह इंटरव्यू में भले ही अलग हटकर फिल्में बनाने की बात कहते हों, लेकिन असल में पारंपरिक मनोरंजन ही चलना चाहिए. उनकी बातें लगातार बदलती रहती हैं, जिससे पूरा वीडियो एक हास्यपूर्ण स्क्रिप्ट जैसा लगता है.
जैसे ही ऑडियंस आई, आमिर के सुर बदल गए
वीडियो के आखिर में थिएटर से बाहर आ रहे लोग फिल्म की तारीफ करने लगते हैं. बस फिर क्या था—आमिर का गुस्सा अचानक गायब हो जाता है और जिस फिल्म को पहले “फ्लॉप” कह रहे थे, उसी की खूबियों को गिनाने लगते हैं. दर्शकों की प्रतिक्रिया के साथ आमिर के बदलते एक्सप्रेशन वीडियो को और मजेदार बनाते हैं. सोशल मीडिया पर यह पूरा कॉमिक प्रमोशनल वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और दर्शक इसे खूब शेयर कर रहे हैं.
कब रिलीज़ होगी फिल्म?
‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ में वीर दास के साथ अभिनेत्री मोना सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी. आमिर खान प्रोडक्शंस की यह फिल्म 16 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है.
यह भी पढ़ें: पवन सिंह, मनोज तिवारी और निरहुआ...लगेगा एंटरटेनमेंट का तड़का, जब एक साथ एक मंच पर दिखेंगे तीनों भोजपुरी स्टार्स