CBI और मुंबई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, फरार आरोपी कुब्बावाला मुस्तफा दुबई से भारत लाया गया

सीबीआई और मुंबई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जब फरार आरोपी कुब्बावाला मुस्तफा को दुबई से भारत लाया गया.

absconding accused Kubbawala Mustafa brought to India
फरार आरोपी कुब्बावाला

रिपोर्टः वरुण जैन

मुंबई: सीबीआई और मुंबई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जब फरार आरोपी कुब्बावाला मुस्तफा को दुबई से भारत लाया गया. मुस्तफा पर आरोप है कि वह सांगली में एक सिंथेटिक ड्रग फैक्ट्री चला रहा था, जहां से 126.141 किलो मेफेड्रोन (जिसकी कीमत ₹2.52 करोड़) बरामद हुआ था. यह मामला कुर्ला पुलिस स्टेशन की एफआईआर संख्या 67/2024 से जुड़ा हुआ है.

सीबीआई ने इस मामले में इंटरपोल के माध्यम से मुस्तफा के खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था, जिसके बाद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में छिपे आरोपी की भारत वापसी की प्रक्रिया को गति दी गई.

7 जुलाई को दुबई गई थी मुंबई पुलिस की टीम

मुंबई पुलिस की एक चार सदस्यीय टीम 7 जुलाई को दुबई गई थी और आज सुबह आरोपी को लेकर छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, मुंबई पहुंची. सीबीआई के मुताबिक, इस कार्रवाई में इंटरपोल और भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

आरोपी पर गंभीर आरोप

कुब्बावाला मुस्तफा पर आरोप है कि वह सांगली में एक ड्रग फैक्ट्री का संचालन कर रहा था, जहां से मेफेड्रोन नामक सिंथेटिक ड्रग का उत्पादन किया जाता था. इस मामले में पहले ही 126.141 किलो मेफेड्रोन बरामद किया गया था, जो ड्रग्स के कारोबार में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है.

इंटरपोल की मदद से मिली सफलता

सीबीआई के अनुसार, 25 नवंबर 2024 को इंटरपोल द्वारा मुस्तफा के खिलाफ रेड नोटिस जारी किया गया था, और 19 जून 2025 को UAE की अबू धाबी पुलिस ने भारत को सूचित किया कि आरोपी को लेने के लिए सुरक्षा दल भेजा जाए. इसके बाद सीबीआई की इंटरपोल इकाई (IPCU) ने अबू धाबी के NCB के साथ मिलकर इस सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया.

सीबीआई की बड़ी उपलब्धि

सीबीआई ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में 100 से अधिक वांछित अपराधियों की देश वापसी इंटरपोल चैनल के माध्यम से कराई गई है. सीबीआई के इस प्रयास से यह साबित होता है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में भारतीय सुरक्षा एजेंसियां अब और अधिक प्रभावी हो गई हैं.

ये भी पढ़ेंः राधिका यादव मर्डर केस में कई पेंच, किस एंगल से जांच कर रही पुलिस? जानिए इनामुल हक का क्या मामला है