शाहरुख खान को थप्पड़ मारने के बाद टेंशन में आ गई थीं एक्ट्रेस, कैमरामैन ने कहा- अब लड़कियां तुमसे नफरत करेंगी!

Shah Rukh Khan Priya Gill: फिल्मी दुनिया में हर अभिनेता के जीवन में कुछ ऐसे लम्हे होते हैं, जो न तो स्क्रिप्ट का हिस्सा होते हैं और न ही कैमरे की रोशनी में पूरी तरह कैद हो पाते हैं, लेकिन कलाकार की यादों में हमेशा जिंदा रहते हैं.

Actress Priya Gill was tensed after slapping Shah Rukh Khan
Image Source: Social Media/X

Shah Rukh Khan Priya Gill: फिल्मी दुनिया में हर अभिनेता के जीवन में कुछ ऐसे लम्हे होते हैं, जो न तो स्क्रिप्ट का हिस्सा होते हैं और न ही कैमरे की रोशनी में पूरी तरह कैद हो पाते हैं, लेकिन कलाकार की यादों में हमेशा जिंदा रहते हैं. कुछ इसी तरह का अनुभव रहा अभिनेत्री प्रिया गिल का, जो उन्होंने फिल्म 'जोश' की शूटिंग के दौरान शाहरुख खान के साथ साझा किया.

साल 2000 में आई फिल्म ‘जोश’ में शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय की जोड़ी मुख्य आकर्षण रही, लेकिन इस फिल्म से जुड़ा एक अनदेखा किस्सा आज भी चर्चा में रहता है. अभिनेत्री प्रिया गिल, जो फिल्म में शाहरुख की को-स्टार थीं, ने एक इंटरव्यू में बताया कि एक सीन में उन्हें शाहरुख को थप्पड़ मारना था, लेकिन ये इतना आसान नहीं था जितना स्क्रिप्ट में लिखा गया था.

“शाहरुख खुद कह रहे थे: मारो, मुझे मारो!”

प्रिया ने साझा किया कि गोवा में फिल्म के एक गाने की शूटिंग के दौरान, डायरेक्टर मंसूर खान बार-बार उन्हें सीन को दोहराने को कह रहे थे क्योंकि थप्पड़ ‘असली’ नहीं लग रहा था. उन्होंने कहा, “मैं बार-बार कोशिश कर रही थी, लेकिन शाहरुख को ज़ोर से मारना मेरे लिए बहुत मुश्किल था. शाहरुख खुद कह रहे थे, ‘मारो प्रिया, कोई बात नहीं.’ मंसूर भी कह रहे थे ‘मारो उसे.’ आख़िरकार, मुझे उन्हें एक मुक्का मारना ही पड़ा.”

शॉट के बाद सेट पर छा गया था सन्नाटा

थप्पड़ वाला सीन जैसे ही शूट हुआ, सेट पर कुछ पलों के लिए सन्नाटा छा गया. प्रिया बताती हैं कि शायद डायरेक्टर कट कहना भूल गए, कैमरा चलता रहा और सभी लोग स्तब्ध खड़े रह गए. एक कैमरामैन तो मजाक में यह भी कह गया, “अब तो लड़कियां तुझसे नाराज़ हो जाएंगी, तूने किंग खान को थप्पड़ मार दिया!”

शाहरुख निकले पूरी तरह प्रोफेशनल

जहाँ प्रिया इस घटना के बाद तनाव में थीं, वहीं शाहरुख पूरी तरह सहज नज़र आ रहे थे. प्रिया ने बताया कि शाहरुख ने पूरे सीन को बड़े ही प्रोफेशनल अंदाज़ में लिया और शूटिंग के बाद भी मुस्कुराते रहे. उन्होंने कहा, “मैं अंदर से बहुत घबरा गई थी, लेकिन शाहरुख सेट पर आराम से घूम रहे थे. उनके इस व्यवहार ने मुझे बहुत कुछ सिखाया, यही होता है एक सच्चे कलाकार का बड़प्पन.”

ये घटना आज भी है दिल के बेहद करीब

प्रिया गिल मानती हैं कि ये उनका सबसे शर्मनाक, लेकिन सबसे यादगार फिल्मी पल रहा. ऐसा अनुभव जो उन्हें न केवल अभिनय में परिपक्व बनाता है, बल्कि इंडस्ट्री में रिश्तों की गर्मजोशी का भी परिचय देता है.

यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी गेंदबाजों की धुनाई, दिग्गज बल्लेबाजों को पछाड़ा; T20 में अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास