बिहार को विकास की नई रफ्तार देगा अदाणी ग्रुप, गौतम अदाणी ने 60,000 करोड़ निवेश का किया ऐलान

Gautam Adani Bihar Visit: गौतम अदाणी ने रविवार को बिहार को लेकर बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि अदाणी ग्रुप अगले 3 से 4 साल में बिहार के इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास परियोजनाओं पर 50,000 करोड़ रुपये से 60,000 करोड़ रुपये तक निवेश करने की योजना बना रहा है.

Adani Group give new pace of development to Bihar Gautam Adani announced investment Rs 60,000 crore
Image Source: Social Media

Gautam Adani Bihar Visit: गौतम अदाणी ने रविवार को बिहार को लेकर बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि अदाणी ग्रुप अगले 3 से 4 साल में बिहार के इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास परियोजनाओं पर 50,000 करोड़ रुपये से 60,000 करोड़ रुपये तक निवेश करने की योजना बना रहा है.

उन्होंने यह बात सारण जिले के मस्तीचक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही, जहां ‘अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल- अदाणी सेंटर फॉर आई डिजीज’ का उद्घाटन किया गया. इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.

बिहार में चल रहे हैं कई बड़े प्रोजेक्ट

गौतम अदाणी ने कहा कि उनकी कंपनी पहले से ही बिहार में कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है. उन्होंने बताया कि भागलपुर जिले के पीरपैंती में 2,400 मेगावाट का पावर प्रोजेक्ट तेजी से तैयार किया जा रहा है.

इसके अलावा सड़क निर्माण और दूसरे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर भी काम जारी है. उन्होंने कहा कि बिहार में विकास की अपार संभावनाएं हैं और आने वाले समय में यहां उद्योग और रोजगार दोनों तेजी से बढ़ सकते हैं.

‘अब बिहार की ग्रोथ का समय आ गया है’

अपने संबोधन में गौतम अदाणी ने कहा कि अब बिहार की ग्रोथ का समय आ चुका है. राज्य को बेहतर सड़कें, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और नए उद्योगों की जरूरत है. उन्होंने कहा कि अगर सही दिशा में तेजी से काम किया जाए तो बिहार देश के सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाले राज्यों में शामिल हो सकता है. साथ ही उन्होंने लोगों से भी विकास के इस दौर का फायदा उठाने की अपील की.

अस्पताल उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे अदाणी

गौतम अदाणी सारण के मस्तीचक में ‘अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल- अदाणी सेंटर फॉर आई डिजीज’ के उद्घाटन और नए परिसर के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान उनके साथ अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन और उनकी पत्नी प्रीति अदाणी भी मौजूद थीं. कार्यक्रम में सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र से जुड़े कई लोग शामिल हुए.

बिहार की धरती को बताया आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र

कार्यक्रम में बोलते हुए गौतम अदाणी ने कहा कि बिहार की पावन धरती पर आकर उन्हें बेहद खुशी और गर्व महसूस हो रहा है. उन्होंने कहा कि बिहार सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है. उन्होंने कहा कि गायत्री शक्तिपीठ के दर्शन कर उन्हें मानसिक शांति मिली. साथ ही गायत्री मंत्र के जाप से उन्हें समाज के लिए बेहतर काम करने की नई प्रेरणा भी मिली.

रोजगार और विकास पर रहेगा फोकस

गौतम अदाणी ने संकेत दिए कि आने वाले समय में बिहार में बड़े स्तर पर निवेश से रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं. सड़क, बिजली और औद्योगिक प्रोजेक्ट्स के जरिए राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने पर फोकस किया जाएगा. उन्होंने कहा कि विकास तभी सफल माना जाएगा जब उसका फायदा आम लोगों तक पहुंचे और युवाओं को रोजगार के बेहतर मौके मिलें.

ये भी पढ़ें- देश में नहीं होगी गैस की कमी! LPG लेकर होर्मुज के रास्‍ते गुजरात पहुंचा भारतीय टैंकर 'सिमी'