24 घंटे में दूसरी बार हारा पाकिस्तान, भारत ने क्रिकेट के बाद फुटबॉल में भी चटाई धूल, 3-2 से दी शिकस्त

भारत और पाकिस्तान के बीच खेल के मैदान में हमेशा से ही गजब का रोमांच और भावनाओं का सैलाब देखने को मिलता है. बीते 24 घंटों में भारत ने दो बार अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को शिकस्त दी पहले क्रिकेट के मैदान पर और फिर फुटबॉल के मैदान में.

After cricket India defeated Pakistan in football too
Image Source: Social Media

कोलंबो: भारत और पाकिस्तान के बीच खेल के मैदान में हमेशा से ही गजब का रोमांच और भावनाओं का सैलाब देखने को मिलता है. बीते 24 घंटों में भारत ने दो बार अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को शिकस्त दी पहले क्रिकेट के मैदान पर और फिर फुटबॉल के मैदान में.

भारत ने एशिया कप का वह मैच छह विकेट से जीता था, जिसके बाद भारत की युवा फुटबॉल टीम ने श्रीलंका की राजधानी में रेसकोर्स इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान को शिकस्त दी. कोलंबो में खेले गए SAFF अंडर-17 फुटबॉल चैंपियनशिप में भारत की युवा फुटबॉल टीम ने पाकिस्तान को 3-2 से हराकर दोहरी जीत की खुशी देशवासियों को दी.

मैच की कहानी: पल-पल बदलता रोमांच

कोलंबो स्थित रेसकोर्स इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमों ने पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया था, लिहाजा यह ग्रुप स्टेज का अंतिम मुकाबला एक तरह से औपचारिक था. लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच कोई भी मुकाबला सिर्फ औपचारिक नहीं होता, यह एक प्रतिष्ठा की लड़ाई बन जाती है.

पहला हाफ: गोल, बराबरी और विवादास्पद जश्न

मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमें आक्रामक मुद्रा में थीं. भारत ने 31वें मिनट में पहला गोल दागा, जब डललालमुओन गांगटे ने विपक्षी रक्षापंक्ति को छकाते हुए शानदार फिनिशिंग की और स्कोर 1-0 कर दिया.

हालांकि, पाकिस्तान ने पहले हाफ के अंतिम क्षणों में वापसी की. 43वें मिनट में एक पेनल्टी का मौका मिला, जिसे मोहम्मद अब्दुल्ला ने गोल में तब्दील कर स्कोर बराबर कर दिया. लेकिन अब्दुल्ला का गोल के बाद का जश्न विवाद का विषय बन गया.

गोल करने के बाद उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर चाय पीने की नकल करते हुए सेलिब्रेशन किया, जो भारतीय क्रिकेट टीम को लेकर एक पुराने संदर्भ का हिस्सा रहा है. यह जश्न सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ और इसे उकसाने वाला और असंवेदनशील करार दिया गया.

दूसरे हाफ में भारत की वापसी

विवादित जश्न के बाद जैसे भारतीय टीम ने और अधिक प्रेरणा पाई. दूसरे हाफ में भारत ने अपने खेल का स्तर ऊपर उठाया और आक्रामकता में इज़ाफा किया.

63वें मिनट में, गुनलेइबा वांगखेइराकपम ने शानदार गोल दागकर भारत को फिर से बढ़त दिला दी. लेकिन यह बढ़त ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी क्योंकि हमजा यासिर ने सिर्फ सात मिनट बाद पाकिस्तान के लिए एक और गोल करते हुए स्कोर को फिर बराबर कर दिया – 2-2.

मैच का निर्णायक क्षण 73वें मिनट में आया, जब भारत के खिलाड़ी रहाम अहमद ने बेहतरीन तरीके से गोल कर टीम को 3-2 की बढ़त दिला दी. इसके बाद भारत ने अपनी रक्षात्मक रणनीति को मजबूत किया और पाकिस्तान को कोई और मौका नहीं दिया.

ये भी पढ़ें- रूस ने भारत को दिया Su-57 फाइटर जेट बेचने का ऑफर, बताया कब होगी S-400 की डिलीवरी, क्या अब होगी डील?