Commonwealth Games 2030: भारत एक बार फिर वैश्विक खेल मंच पर अपनी दावेदारी मजबूत करने की ओर बढ़ रहा है. कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी को लेकर भारत को आधिकारिक रूप से बिडिंग प्रक्रिया में शामिल कर लिया गया है और इसके लिए अहमदाबाद को मेजबान शहर के रूप में प्रस्तावित किया गया है.
इस ऐतिहासिक पहल की जानकारी गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की. उन्होंने इसे भारत के लिए “गौरव का क्षण” बताया, जो वैश्विक खेल आयोजन में देश की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है.
A day of immense joy and pride for India.
— Amit Shah (@AmitShah) October 15, 2025
Heartiest congratulations to every citizen of India on Commonwealth Association's approval of India's bid to host the Commonwealth Games 2030 in Ahmedabad. It is a grand endorsement of PM Shri @narendramodi Ji's relentless efforts to…
कॉमनवेल्थ गेम्स 2030: अहमदाबाद बन सकता है मेजबान शहर
कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स के एग्जीक्यूटिव बोर्ड ने 15 अक्टूबर को हुई बैठक में पुष्टि की कि भारत को बिडिंग प्रक्रिया में आधिकारिक रूप से शामिल कर लिया गया है. यदि सबकुछ योजना के अनुसार रहा, तो अहमदाबाद 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी कर सकता है.
इसकी अंतिम घोषणा 26 नवंबर 2025 को ग्लासगो में आयोजित होने वाली कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स जनरल एसेंबली में की जाएगी. यहीं पर यह तय होगा कि 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी का गौरव भारत को मिलेगा या किसी अन्य देश को.
भारत बनाम नाइजीरिया: मेजबानी की रेस में दो दावेदार
भारत के साथ इस मेगा इवेंट की मेजबानी की दौड़ में नाइजीरिया भी शामिल है. कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. डोनाल्ड रुकारे ने दोनों देशों की तैयारियों और प्रस्तुतियों की सराहना की. उन्होंने कहा, “भारत और नाइजीरिया दोनों ही बेहद प्रभावशाली और प्रेरणादायक प्रस्ताव लेकर आए हैं. हम दोनों देशों की सोच, प्रतिबद्धता और खेल भावना की सराहना करते हैं.”
पी. टी. ऊषा का बयान: “भारत के लिए सम्मान का विषय”
भारत की महान धाविका और कॉमनवेल्थ गेम्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की अध्यक्ष पी. टी. ऊषा ने इस मौके को भारत के लिए ऐतिहासिक और गर्व का पल बताया.
उन्होंने कहा, “अगर हमें 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिलती है, तो यह केवल हमारी खेल शक्ति का प्रदर्शन नहीं होगा, बल्कि विकसित भारत 2047 की दिशा में हमारी प्रतिबद्धता को भी दुनिया के सामने लाएगा.”
अहमदाबाद क्यों है भारत की पसंद?
भारत सरकार की "विकसित भारत 2047" योजना के तहत अहमदाबाद में वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है. मोटेरा स्टेडियम (नरेंद्र मोदी स्टेडियम) पहले ही दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम बन चुका है. शहर की लोकेशन, कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स इसे एक परफेक्ट मेजबान बनाते हैं.
26 नवंबर का इंतजार, भारत की उम्मीदों का इम्तिहान
अब सारी निगाहें 26 नवंबर 2025 की कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स जनरल एसेंबली पर टिकी हैं, जहां अंतिम निर्णय लिया जाएगा कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी भारत करेगा या नहीं. अगर भारत को यह अवसर मिलता है, तो यह 200 से अधिक देशों की भागीदारी वाले आयोजन में भारत को एक मेजबान शक्ति के रूप में स्थापित करेगा.
यह भी पढ़ें- दिवाली से पहले सरकारी कर्मचारियों की मौज, इन 4 राज्यों में बढ़ा महंगाई भत्ता, जानें कहां कितना हुआ इजाफा?