‘दृश्यम 3’ को लेकर अजय देवगन को मिली धमकी, फिल्म रिलीज पर लटकी तलवार, जानें क्या है पूरा मामला

Drishyam 3 Controversy: अजय देवगन की ‘दृश्यम’ सीरीज़ ने बॉलीवुड में सस्पेंस थ्रिलर का स्तर ही बदल दिया है. "2 अक्टूबर को क्या हुआ था", ये सवाल जब-जब पूछा जाता है, दर्शकों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं.

Ajay Devgan received threats regarding Drishyam 3 Controversy
Image Source: ANI/ Instagram

Drishyam 3 Controversy: अजय देवगन की ‘दृश्यम’ सीरीज़ ने बॉलीवुड में सस्पेंस थ्रिलर का स्तर ही बदल दिया है. "2 अक्टूबर को क्या हुआ था", ये सवाल जब-जब पूछा जाता है, दर्शकों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं. लेकिन अब ‘दृश्यम 3’ से पहले असली सस्पेंस परदे के पीछे शुरू हो गया है. जी हां, इस बार कहानी में ट्विस्ट स्क्रीन पर नहीं, बल्कि कैमरे के पीछे है और इसके केंद्र में हैं खुद अजय देवगन.

इस बार अजय देवगन को किसी विलेन या पुलिस अफसर से नहीं, बल्कि ‘दृश्यम’ के ओरिजिनल डायरेक्टर जीतू जोसेफ से धमकी मिली है, वो भी लीगल एक्शन की. आप जानते ही होंगे कि हिंदी में बनी ‘दृश्यम’ और ‘दृश्यम 2’ असल में मलयालम फिल्मों की रीमेक थीं, जिनमें सुपरस्टार मोहनलाल ने लीड रोल निभाया था. इन साउथ फिल्मों के निर्देशक हैं जीतू जोसेफ, जिन्होंने अब साफ तौर पर कह दिया है कि यदि हिंदी वर्जन पहले शुरू किया गया, तो कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहिए.

एक साथ रिलीज की थी योजना, लेकिन...

मातृभूमि न्यूज से बातचीत करते हुए जीतू जोसेफ ने कहा, “प्लान था कि मलयालम और हिंदी दोनों वर्जन की शूटिंग एक साथ शुरू हो. लेकिन अभी तक इस पर कोई फाइनल समझौता नहीं हुआ है. जब हमें पता चला कि हिंदी वर्जन जल्दी शुरू किया जा सकता है, हमने साफ कहा, ऐसा किया गया तो लीगल एक्शन होगा. इसके बाद उन्होंने फिलहाल कदम पीछे खींच लिए.”

तो कब आएगा ‘दृश्यम 3’?

जहां तक मलयालम वर्जन की बात है, जीतू जोसेफ ने हाल ही में 'दृश्यम-3' का क्लाइमैक्स लिखकर फाइनल कर दिया है. उन्होंने बताया कि अगर सब कुछ सही रहा, तो फिल्म अक्टूबर 2025 से फ्लोर पर जा सकती है. इसका मतलब है कि हिंदी वर्जन को थोड़ा और इंतज़ार करना होगा, संभव है कि ‘दृश्यम 3’ हिंदी में 2026 तक ही रिलीज हो पाए.

'दृश्यम 3' की स्क्रिप्ट को लेकर प्रेशर में थे जीतू जोसेफ

फिल्ममेकिंग की दुनिया में थ्रिलर सीरीज़ का दबाव कुछ और ही होता है. खुद जीतू ने स्वीकारा कि ‘दृश्यम-3’ का क्लाइमैक्स लिखते वक्त वह भारी दबाव में थे. अब जबकि स्क्रिप्ट का अहम हिस्सा पूरा हो चुका है, प्रशंसकों को उम्मीद है कि मोहनलाल और अजय देवगन, दोनों ही अपने-अपने अंदाज़ में इस सीरीज़ को यादगार अंत देंगे.

क्या कहता है ये सस्पेंस वाला विवाद?

फिलहाल ‘दृश्यम 3’ की स्क्रीन पर आने में वक्त है, लेकिन पर्दे के पीछे जो कानूनी ड्रामा शुरू हुआ है, उसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है. एक तरफ अजय देवगन के फैंस फिल्म का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जीतू जोसेफ यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि कहानी के साथ न्याय हो, और मूल फिल्म का सम्मान भी.
ये भी पढ़ें- भारत के इस घातक हथियार का मुरीद हुआ अर्मेनिया, बेड़े में और शामिल करने की कर रहा तैयारी