अजमेर: अनोखे स्टाइल में चोरी की वारदात, पहले दिनदहाड़े की लूट, फिर बच्चों में बांट दिए 500-₹500 के नोट

चोरी के बाद आमतौर पर चोर फरार हो जाते हैं, लेकिन यहां अजीब बात ये रही कि चोरों ने बच्चों को ₹500-₹500 के नोट बांटे और वह भी कॉलोनी में खुलेआम घूमते हुए.

Ajmer Robbery Thieves Give Money to school Kids
Image Source: Social Media

Ajmer News: राजस्थान के अजमेर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को तो अलर्ट किया ही, साथ ही आम लोगों को भी उलझन में डाल दिया है. चोरी के बाद आमतौर पर चोर फरार हो जाते हैं, लेकिन यहां अजीब बात ये रही कि चोरों ने बच्चों को ₹500-₹500 के नोट बांटे और वह भी कॉलोनी में खुलेआम घूमते हुए.

पांच घरों के ताले टूटे, लाखों की चोरी

यह घटना 10 जुलाई 2025 को अजमेर के नसीराबाद कस्बे के जाटिया गांव की राधा कृष्ण कॉलोनी में हुई. जब कॉलोनी के पुरुष अपने-अपने काम पर थे और महिलाएं पास ही मेंहदी लगवाने गई थीं, तभी चोरों ने पांच घरों को निशाना बनाते हुए ताले तोड़े. पीड़ित महिलाओं डिंपल पथरिया और आंचल के अनुसार, चोर करीब ₹1 लाख कैश और 7-8 लाख के गहने ले गए.

बच्चों में बांटे नोट

चोरी के बाद चोर कॉलोनी में बिना किसी डर के घूमते रहे. उन्होंने स्कूल से लौट रहे बच्चों को बुलाकर उन्हें ₹500-₹500 के नोट दिए. न तो उन्होंने चेहरा ढका था और न ही भागने की जल्दी दिखाई. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें चोरों की हरकत साफ देखी जा सकती है.

पुलिस जांच में जुटी

स्थानीय लोगों ने इसे सिर्फ चोरी नहीं, बल्कि डकैती और सामाजिक असुरक्षा की बड़ी चेतावनी बताया है. सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. सब इंस्पेक्टर भंवर सिंह राव ने कहा, “सीसीटीवी की जांच जारी है. पैसे बांटने की घटना भी उसी का हिस्सा है और पूरी तरह जांच का विषय है. जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.”

ये भी पढ़ें: रक्षाबंधन पर CM भजनलाल का महिलाओं को बड़ा तोहफा, दो दिन तक राजस्थान रोडवेज में कर सकेंगी फ्री यात्रा