अल्बानियाई PM ने ट्रंप का मजाक उड़ाया, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ VIDEO

यूरोपियन पॉलिटिकल कम्युनिटी (EPC) की हालिया बैठक के दौरान एक हल्का-फुल्का लेकिन दिलचस्प क्षण सामने आया, जब अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक पुरानी भौगोलिक गलती को लेकर मजाक कर दिया.

Albania PM Made a joke on trump and other leaders
Image Source: Social Media

यूरोपियन पॉलिटिकल कम्युनिटी (EPC) की हालिया बैठक के दौरान एक हल्का-फुल्का लेकिन दिलचस्प क्षण सामने आया, जब अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक पुरानी भौगोलिक गलती को लेकर मजाक कर दिया. डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में आयोजित इस बैठक के दौरान रामा की टिप्पणी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव को भी मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया.

ईपीसी शिखर सम्मेलन के दौरान जब रामा, मैक्रों और अलीयेव के साथ अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे, तभी उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, आपको हमसे माफ़ी मांगनी चाहिए क्योंकि आपने राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा अल्बानिया और अजरबैजान के बीच हुए शांति समझौते के लिए हमें बधाई नहीं दी. उनकी इस चुटकी पर दोनों नेता ज़ोर से हंस पड़े. दरअसल, यह मजाक सीधे तौर पर ट्रंप के उस बयान पर आधारित था जिसमें उन्होंने गलती से अल्बानिया और अजरबैजान के बीच युद्ध समाप्त कराने का दावा किया था. जबकि इन दोनों देशों के बीच कभी कोई युद्ध हुआ ही नहीं.

ट्रंप की पुरानी भूलें फिर बनीं चर्चा का विषय

डोनाल्ड ट्रंप का नाम अक्सर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भौगोलिक भ्रम के लिए सामने आता रहा है. सितंबर 2024 में फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने "अल्बानिया और अजरबैजान के बीच" संघर्ष को समाप्त करवा दिया. जबकि वास्तव में संघर्ष आर्मेनिया और अजरबैजान के बीच चल रहा था. इतना ही नहीं, एक अन्य प्रेस कॉन्फ्रेंस में ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ मौजूद रहते हुए ट्रंप ने एक बार फिर वही दावा दोहराया, जिससे एक बार फिर उनकी भौगोलिक समझ पर सवाल उठने लगे.

कंबोडिया और आर्मेनिया को भी जोड़ा ‘युद्ध’ में

डोनाल्ड ट्रंप की गलती यहीं नहीं रुकी. एक निजी डिनर कार्यक्रम में भाषण के दौरान उन्होंने यह दावा भी कर डाला कि उनके प्रयासों से कंबोडिया और आर्मेनिया के बीच युद्ध समाप्त हुआ. जबकि सच्चाई यह है कि ये दोनों देश न केवल एक-दूसरे से हजारों मील दूर हैं, बल्कि कभी किसी युद्ध में आमने-सामने नहीं आए हैं.

वीडियो वायरल, नेताओं में हल्की फुल्की हंसी

कोपेनहेगन में हुई इस बातचीत का एक वीडियो किसी प्रतिनिधि ने रिकॉर्ड कर लिया, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. सम्मेलन में मौजूद कई प्रतिनिधियों के बीच यह वीडियो एक मजेदार क्षण के तौर पर साझा किया गया.

यह भी पढ़ें: 'भारतीय लोग कभी अपमान नहीं सहते...', दोस्त पुतिन ने टैरिफ मामले पर की भारत की जमकर तारीफ