कैलिफोर्निया में F-16 फाइटर जेट क्रैश, बाल-बाल बची पायलट की जान; जानें कैसे हुआ ये हादसा?

कैलिफोर्निया के शांत रेगिस्तानी इलाक़े में बुधवार की सुबह अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब अमेरिकी एयरफोर्स का एक F-16 फाइटर जेट आसमान से तेज़ी से नीचे गिरता हुआ देखा गया. एलीट थंडरबर्ड्स स्क्वाड्रन का यह लड़ाकू विमान ट्रेनिंग मिशन के दौरान क्रैश हो गया.

America California f-16 fighter jet crash know how this happened
Image Source: Social Media

कैलिफोर्निया के शांत रेगिस्तानी इलाक़े में बुधवार की सुबह अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब अमेरिकी एयरफोर्स का एक F-16 फाइटर जेट आसमान से तेज़ी से नीचे गिरता हुआ देखा गया. एलीट थंडरबर्ड्स स्क्वाड्रन का यह लड़ाकू विमान ट्रेनिंग मिशन के दौरान क्रैश हो गया. राहत की बात यह रही कि विमान के जमीन पर गिरने से ठीक पहले पायलट पैराशूट के सहारे सुरक्षित बाहर निकल आया और उसकी जान बच गई.

मौके पर मौजूद लोगों के वीडियो में साफ दिखा कि तेज़ रफ़्तार से नीचे आता जेट अचानक नियंत्रण खो बैठा. पायलट ने तुरंत इजेक्ट कर लिया और कुछ ही सेकंड बाद विमान जमीन से टकराते ही तेज़ धमाके के साथ आग के गोले में बदल गया. यह हादसा डेथ वैली के दक्षिण में बने एक सूने रेगिस्तानी इलाके में सुबह करीब 10:45 बजे हुआ.

पायलट सुरक्षित, मामूली चोटें

थंडरबर्ड्स टीम ने आधिकारिक बयान में बताया कि पायलट ने सही समय पर इजेक्ट कर अपनी जान बचाई. उसे हल्की चोटें आईं और एहतियातन अस्पताल ले जाया गया. स्थानीय फायर डिपार्टमेंट ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और पुष्टि की कि विमान में पायलट के अलावा कोई और मौजूद नहीं था.

ट्रेनिंग मिशन के दौरान बड़ा हादसा

अधिकारियों के मुताबिक दिन की शुरुआत में छह F-16 जेट्स रूटीन ट्रेनिंग के लिए उड़ान पर गए थे, लेकिन उनमें से एक वापस नहीं लौटा. शुरुआती जांच में बताया जा रहा है कि विमान नेवल एयर वेपन्स स्टेशन चाइना लेक के पास अज्ञात वजहों से दुर्घटनाग्रस्त हुआ. यह वही क्षेत्र है जहां अमेरिकी फाइटर जेट अक्सर हाई-इंटेंसिटी ट्रेनिंग करते हैं.

जांच तेज़, जवाबों का इंतज़ार

F-16 फाइटिंग फाल्कन अमेरिकी वायुसेना की सबसे भरोसेमंद मल्टीरोल फाइटर जेट में से एक है और थंडरबर्ड्स के एयर शो में इसकी भूमिका सबसे अहम होती है. यही वजह है कि इस हादसे को बेहद गंभीर माना जा रहा है.एयरफोर्स की 57वीं विंग ने पुष्टि की है कि जांच टीम मौके पर पहुंच चुकी है और मलबे का विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है. शुरुआती रिपोर्ट्स आने के बाद ही साफ पता चल पाएगा कि क्या वजह थी जिसने इतने अनुभवी स्क्वाड्रन के जेट को गिरने पर मजबूर कर दिया.

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में बैन हो सकते हैं ये ऐप्स, बोला- 'इनसे यहां आतंकवाद बढ़ रहा', बताया सुरक्षा के लिए खतरा