अमेरिका की सख्त होती इमिग्रेशन नीतियों के बीच एक बार फिर बड़ी कार्रवाई सामने आई है. ताज़ा मामले में अमेरिका ने कुल 200 भारतीय नागरिकों को देश से बाहर भेज दिया है. इनमें पंजाब के गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई, दो अन्य वांटेड अपराधी और 197 अवैध प्रवासी शामिल हैं.
डिपोर्टees को लेकर विमान अमेरिका से रवाना हो चुका है और यह फ्लाइट कल सुबह 10 बजे दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर उतरने वाली है. ट्रंप प्रशासन की कठोर प्रवासन नीति के तहत यह अब तक की कई कार्रवाइयों में से एक और बड़ा कदम है.
फिर दोहराई गई फरवरी की कार्रवाई
इससे पहले फरवरी में भी अमेरिका ने 200 से अधिक भारतीय नागरिकों को डिपोर्ट किया था. उस समय सभी लोग अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे थे और वहां से उन्हें सरकारी व्यवस्था के तहत बसों में उनके गृह जिलों तक भेजा गया था.इस बार भी डिपोर्ट किए गए अधिकांश लोग पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं. इन पर आरोप है कि ये लोग या तो वीज़ा की समयसीमा के बाद भी अमेरिका में रुके रहे या फिर ‘डंकी रूट’ यानी कनाडा के रास्ते अवैध तरीके से अमेरिका में प्रवेश किया.
ट्रंप सरकार की नीति और भारत का रुख
ट्रंप प्रशासन ने सत्ता में लौटने के बाद अपने प्रमुख चुनावी वादों में अवैध प्रवासियों पर नकेल कसने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी.जनवरी 2025 से मई तक केवल अमेरिका ही नहीं, बल्कि अन्य देशों से भी सैंकड़ों भारतीय वापस भेजे जा चुके हैं.भारत सरकार ने अमेरिका के इस अभियान में सहयोग की बात जरूर कही थी, लेकिन पहचान और वेरिफिकेशन को लेकर सख्त रुख अपनाया.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी में स्पष्ट कहा था कि "जो भारतीय अवैध रूप से विदेशों में रह रहे हैं, हम उन्हें स्वीकार करेंगे, लेकिन पूरी प्रक्रिया सही तरीके से होनी चाहिए."
अनमोल बिश्नोई की भारत वापसी, सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता
इस कार्रवाई का सबसे बड़ा पहलू है. गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई का भारत लाया जाना.अनमोल, कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई है और देश-विदेश में फैले क्राइम नेटवर्क से जुड़ा माना जाता है.वह कई गंभीर मामलों में आरोपी है, जिनमें शामिल हैं. सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड. बाबा सिद्दीकी हत्याकांड
सलमान खान के घर पर हमले की साजिश
उसके खिलाफ देशभर में कई मामले दर्ज हैं और लंबे समय से वह फरार चल रहा था.अमेरिका से उसे डिपोर्ट कराने में केंद्रीय एजेंसियों और दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच का महत्वपूर्ण योगदान रहा.अनमोल की भारत वापसी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: कल 10 बजे दिल्ली पहुंचेगा गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई, अमेरिका ने 200 भारतीयों को किया डिपोर्ट