अमेरिका ने सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा को आतंकी सूची से हटाया, वाइट हाउस में ट्रंप से होगी मुलाकात

अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में एक बड़े कदम के तहत अमेरिका ने सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा, जिन्हें पहले अबू जुलानी के नाम से जाना जाता था, को वैश्विक आतंकवादी प्रतिबंध सूची से हटा दिया है.

America removed Syrian President from terrorist list
Image Source: Social Media

वॉशिंगटन/दमिश्क: अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में एक बड़े कदम के तहत अमेरिका ने सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा, जिन्हें पहले अबू जुलानी के नाम से जाना जाता था, को वैश्विक आतंकवादी प्रतिबंध सूची से हटा दिया है. यह फैसला सीरिया में चल रहे राजनीतिक पुनर्गठन और शांति बहाली की दिशा में एक अहम संकेत माना जा रहा है.

अमेरिकी वित्त विभाग ने पुष्टि की है कि अल-शरा का नाम अब उन व्यक्तियों की सूची में शामिल नहीं है जिन पर आतंकवाद से जुड़ी गतिविधियों के चलते वैश्विक स्तर पर प्रतिबंध लगाए गए थे. इसके साथ ही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने भी अपने प्रतिबंधों की सूची से उन्हें हटा दिया है.

सूत्रों के अनुसार, इस कदम के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले सप्ताह वॉशिंगटन डीसी स्थित व्हाइट हाउस में अहमद अल-शरा की मेजबानी करेंगे. यह पहली बार होगा जब किसी सीरियाई राष्ट्रपति की व्हाइट हाउस में आधिकारिक मुलाकात तय हुई है.

सीरिया में सत्ता परिवर्तन के बाद नई दिशा

दिसंबर 2024 में पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के हटने के बाद सीरिया में अहमद अल-शरा के नेतृत्व में नई सरकार बनी थी. तब से देश में राजनीतिक स्थिरता और आर्थिक पुनर्निर्माण की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं. अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र दोनों का मानना है कि यह फैसला सीरिया को वैश्विक अर्थव्यवस्था से जोड़ने की प्रक्रिया को तेज कर सकता है.

अमेरिकी राजदूत माइक वाल्ट्ज ने संयुक्त राष्ट्र में कहा कि “यह निर्णय सीरिया में नए युग की शुरुआत है. लंबे संघर्ष और आतंकवाद के दौर के बाद अब सीरिया को अंतरराष्ट्रीय समुदाय का समर्थन मिलना जरूरी है.”

पहले अल-कायदा से जुड़े थे अल-शरा

अहमद अल-शरा को कभी अल-कायदा से जुड़ा लड़ाका माना जाता था. हालांकि, सीरिया के हालिया राजनीतिक बदलावों के बाद उन्होंने खुद को आतंकवाद से अलग कर लोकतांत्रिक शासन की दिशा में काम करने का वादा किया. वर्तमान में वे देश की स्थिरता और पुनर्निर्माण पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं.

ट्रंप और शरा की मुलाकात पर दुनिया की नजरें

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि व्हाइट हाउस में होने वाली मुलाकात न सिर्फ अमेरिका और सीरिया के संबंधों में नई शुरुआत का प्रतीक होगी, बल्कि यह मध्य पूर्व की राजनीति में भी एक अहम मोड़ साबित हो सकती है.

इससे पहले मई 2025 में सऊदी अरब में हुए क्षेत्रीय शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप और अल-शरा की पहली अनौपचारिक मुलाकात हुई थी. उस समय ट्रंप प्रशासन ने सीरिया पर लगाए गए कुछ आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने का ऐलान किया था.

ये भी पढ़ें- 'हम तभी रुकेंगे जब भारत हिंदू राष्ट्र बनेगा...' पदयात्रा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का ऐलान, VIDEO