Apple के इस फीचर ने खोल दी गैंग की पोल, पुलिस ने फोन की मदद से फिल्मी अंदाज दबोच लिए iPhone चोर

Apple iPhone: आमतौर पर जब कोई मोबाइल चोरी होता है, तो लोग उसे भूलकर नया फोन खरीद लेते हैं. लेकिन यूनाइटेड किंगडम में एक व्यक्ति की सतर्कता और Apple के स्मार्ट फीचर ने ऐसा चौंकाने वाला खुलासा किया कि पुलिस तक हैरान रह गई.

Apple feature helps UK police bust iPhone smuggling gang
Image Source: Social Media

Apple iPhone: आमतौर पर जब कोई मोबाइल चोरी होता है, तो लोग उसे भूलकर नया फोन खरीद लेते हैं. लेकिन यूनाइटेड किंगडम में एक व्यक्ति की सतर्कता और Apple के स्मार्ट फीचर ने ऐसा चौंकाने वाला खुलासा किया कि पुलिस तक हैरान रह गई. यह मामला सिर्फ एक चोरी हुए iPhone तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय तस्करी रैकेट का पर्दाफाश कर बैठा, जिसमें हजारों फोन चोरी कर विदेश भेजे जा रहे थे.

एक यूजर की सतर्कता से खुला मामला

यह घटना पिछले साल क्रिसमस की है जब एक शख्स का iPhone चोरी हो गया. उसने Apple के ‘Find My iPhone’ फीचर की मदद से अपने डिवाइस की लोकेशन ट्रैक की, जो हीथ्रो एयरपोर्ट, लंदन के पास एक वेयरहाउस में दिख रही थी. यूज़र ने यह जानकारी तुरंत पुलिस को दी. पुलिस जब मौके पर पहुंची और वहां मौजूद एक शिपमेंट बॉक्स को खोला, तो उनके होश उड़ गए — बॉक्स में 900 iPhones थे, जिनमें से ज्यादातर चोरी के निकले.

धीरे-धीरे खुलने लगी पूरी चेन

शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच शुरू की. वेयरहाउस और लॉजिस्टिक डिटेल्स खंगालने के बाद पुलिस को इस तस्करी के पीछे एक संगठित गिरोह के होने का संदेह हुआ. जांच बढ़ती गई और पुलिस ने अब तक 2,000 से ज्यादा चोरी हुए iPhones बरामद किए हैं और 18 लोगों को गिरफ्तार किया है.

चीन भेजे जा रहे थे फोन, कीमतें थीं बेहद कम

जांच में सामने आया कि यह गिरोह यूके से चोरी किए गए iPhones को हांगकांग के रास्ते चीन भेजता था, जहां इन्हें सस्ती कीमतों पर ब्लैक मार्केट में बेचा जाता था. इस पूरे नेटवर्क को अफगानी मूल के दो लोगों द्वारा संचालित किया जा रहा था, जिन्हें मास्टरमाइंड माना जा रहा है. पुलिस के अनुसार यह अब तक का सबसे बड़ा मोबाइल तस्करी ऑपरेशन है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स, फर्जी शिपमेंट और वेयरहाउसिंग नेटवर्क शामिल था.

हाई-टेक ट्रैकिंग बना पुलिस का हथियार

इस पूरे ऑपरेशन में Apple का लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम एक टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. पुलिस अधिकारियों ने भी माना कि यदि यूज़र समय पर अपने फोन की लोकेशन न ट्रैक करता और रिपोर्ट न करता, तो इस पूरे रैकेट का भंडाफोड़ इतना आसान नहीं होता. 

ये भी पढ़ें: WhatsApp हो गया है Hack तो तुरंत करें ये 5 काम, वरना खतरे में पड़ जाएगा पूरा फोन, जानें पूरी जानकारी