India Defence Production: पिछले दस वर्षों में भारत ने जिस तरह रक्षा क्षेत्र में अपनी स्थिति को बदला है, वह अब केवल उपलब्धि भर नहीं माना जा रहा, बल्कि देश की रणनीतिक शक्ति का महत्वपूर्ण संकेत बन चुका है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में ऐसे आँकड़े साझा किए जिनसे साफ होता है कि भारत अब आयात पर निर्भर देश नहीं, बल्कि एक तेज़ी से उभरता हुआ रक्षा उत्पादन केंद्र और विश्व बाजार में प्रभावशाली निर्यातक बन चुका है.
राजनाथ सिंह के मुताबिक 2014 में भारत का कुल रक्षा उत्पादन लगभग 46 हजार करोड़ रुपये था. सिर्फ एक दशक के भीतर यह बढ़कर 1.51 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो कि भारत की सैन्य औद्योगिक क्षमता में ऐतिहासिक परिवर्तन को दर्शाता है.