श्रीनगर हवाई अड्डे पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दिल्ली जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान SG-386 के बोर्डिंग गेट पर एक यात्री ने एयरलाइन स्टाफ पर बुरी तरह हमला कर दिया. इस घटना में चार कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें से एक की रीढ़ की हड्डी टूट गई और दूसरे के जबड़े में गहरी चोट आई. हमलावर की पहचान एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के रूप में हुई है, जिसने मामूली विवाद के चलते पूरी घटना को हिंसक बना दिया.
स्पाइसजेट के प्रवक्ता के अनुसार, हमला तब शुरू हुआ जब यात्री को अतिरिक्त सामान के लिए शुल्क देने को कहा गया. नियमों के मुताबिक यात्री केवल 7 किलो केबिन बैगेज ले जा सकता है, जबकि वह व्यक्ति 16 किलो वजन के दो बैग लेकर पहुंचा था. जब एयरलाइन स्टाफ ने उसे नियमों की जानकारी देकर अतिरिक्त शुल्क देने को कहा, तो वह भड़क गया.
बोर्डिंग गेट पर बेकाबू हुआ यात्री, कर्मचारियों को बेरहमी से पीटा
यात्री ने बिना बोर्डिंग प्रक्रिया पूरी किए जबरन एयरोब्रिज में घुसने की कोशिश की, जिसे एक सुरक्षा गार्ड ने रोका और वापस बोर्डिंग गेट तक ले गया. वहां यात्री ने अपना आपा खो दिया और चार ग्राउंड स्टाफ सदस्यों पर हमला कर दिया. प्रवक्ता ने बताया कि हमले के दौरान एक कर्मचारी को इतनी गंभीर चोटें आईं कि वह मौके पर ही बेहोश हो गया. बावजूद इसके, हमलावर उस बेहोश कर्मचारी को लात-घूंसे मारता रहा. एक अन्य कर्मचारी जो मदद करने आगे बढ़ा, उसे भी जबड़े पर जोरदार लात लगी जिससे उसकी नाक और मुंह से खून बहने लगा.
— Liberal Monk (@liberal_monk) August 3, 2025
घायल कर्मचारी अस्पताल में भर्ती, सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपा गया
स्पाइसजेट ने घायल कर्मचारियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज जारी है. एयरलाइन ने इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज स्थानीय पुलिस को सौंप दिया है. एयरपोर्ट अथॉरिटी की मदद से पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. नो-फ्लाई लिस्ट में शामिल किया गया आरोपी, मंत्रालय को भेजी गई रिपोर्ट. स्पाइसजेट ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को एक विस्तृत रिपोर्ट भेजते हुए अनुरोध किया है कि इस गंभीर मामले में सख्त कार्रवाई की जाए. कंपनी ने नियमों के तहत उस यात्री को नो-फ्लाई लिस्ट में डालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जिससे वह भविष्य में किसी भी फ्लाइट से यात्रा नहीं कर सकेगा.
एयरलाइन स्टाफ की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना ने एयरपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जहां एक तरफ एयरलाइन अपने कर्मचारियों के साथ खड़ी है, वहीं यह घटना यह सोचने पर मजबूर करती है कि किसी यात्री के गुस्से का शिकार आखिर क्यों वे लोग हों जो केवल अपना काम कर रहे थे. अब यह देखना होगा कि कानून इस हमलावर के खिलाफ कितनी सख्त कार्रवाई करता है.
यह भी पढ़ें: तेजस्वी यादव का दो EPIC नंबर वाला मामला बना सियासी भूचाल, BJP ने साधा विपक्ष पर निशाना