ILT20 में अनसोल्ड रहे अश्विन, नहीं मिला कोई भी खरीदार, अभी वाइल्ड कार्ड से खेलने की संभावना बरकरार

भारतीय क्रिकेट के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को UAE की इंटरनेशनल लीग टी-20 (ILT20) के आगामी सीजन 2025-26 की नीलामी में किसी भी टीम ने नहीं खरीदा.

Ashwin went unsold in the International T20 League
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

दुबई: भारतीय क्रिकेट के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को UAE की इंटरनेशनल लीग टी-20 (ILT20) के आगामी सीजन 2025-26 की नीलामी में किसी भी टीम ने नहीं खरीदा. बुधवार रात आयोजित नीलामी में उनका नाम अनसोल्ड रहा. अश्विन ने इस लीग के लिए 1.20 लाख अमेरिकी डॉलर यानी करीब 1 करोड़ रुपये का बेस प्राइस तय किया था, लेकिन उम्मीदों के विपरीत, किसी भी फ्रेंचाइज़ी ने उन पर दांव नहीं लगाया.

हालांकि, यह अश्विन के इस लीग में खेलने का अंत नहीं है. ILT20 में वाइल्डकार्ड एंट्री का प्रावधान है, जिसके तहत टीमें अतिरिक्त खिलाड़ियों को बाद में जोड़ सकती हैं. MI एमिरेट्स और डेजर्ट वाइपर्स जैसी टीमों ने अभी तक अपने वाइल्डकार्ड खिलाड़ियों की घोषणा नहीं की है. ऐसे में, माना जा रहा है कि अश्विन को इन टीमों में से कोई एक चुन सकती है.

IPL और इंटरनेशनल क्रिकेट से विदाई

38 वर्षीय अश्विन ने 27 अगस्त 2025 को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से संन्यास की घोषणा की थी. IPL से पहले ही, उन्होंने 18 दिसंबर 2024 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से भी रिटायरमेंट ले लिया था. उस दिन भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गाबा टेस्ट मैच के बाद वे कप्तान रोहित शर्मा के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए और अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कह दिया.

उन्होंने कहा था, "आज मैं भारतीय टीम की जर्सी में अपना आखिरी दिन बिता रहा हूं. भविष्य में क्लब क्रिकेट खेलता रहूंगा, लेकिन देश के लिए मेरी यात्रा यहीं समाप्त होती है."

BBL में खेलेंगे अश्विन, सिडनी थंडर से करार

ILT20 की नीलामी में अनसोल्ड रहने के बावजूद अश्विन की लोकप्रियता और अनुभव को नजरअंदाज नहीं किया गया है. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) के सीजन 15 के लिए सिडनी थंडर के साथ अनुबंध कर लिया है.

BBL सीजन की शुरुआत 14 दिसंबर 2025 को होगी और इसका फाइनल 20 से 25 जनवरी 2026 के बीच आयोजित किया जाएगा. सिडनी थंडर के साथ उनका जुड़ाव इसलिए भी खास है क्योंकि टीम के जनरल मैनेजर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट गेंदबाज ट्रेंट कोपलैंड हैं, और कोचिंग की जिम्मेदारी ट्रेवर बेलिस के पास है, जो इंग्लैंड को 2019 वर्ल्ड कप जिताने वाले कोच हैं.

टीम के कप्तान डेविड वॉर्नर हैं, जिन्होंने पिछला सीजन थंडर को फाइनल तक पहुंचाकर काफी सफल नेतृत्व किया था. अश्विन की मौजूदगी टीम को अनुभव और रणनीतिक गहराई दे सकती है, खासकर स्पिन विभाग में.

ये भी पढ़ें- पाकिस्तानी सेना के रास्ते बंद किए, 25 सैनिकों को बंधक बनाया... PoK में प्रदर्शनकारियों के हिंसा का Video