Asia Cup 2025 PCB: एशिया कप में पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात के बीच होने वाले मैच से पहले बड़ा विवाद खड़ा हो गया. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की, जिसे ICC ने अस्वीकार कर दिया. इसके विरोध में पाकिस्तान टीम ने मैदान पर उतरने में देरी की, जिससे मैच एक घंटे देर से शुरू हुआ.
इस घटनाक्रम के बाद ICC के CEO संजोग गुप्ता ने PCB को एक ईमेल भेजा, जिसमें पाकिस्तान टीम के आचरण को लेकर कड़ी आपत्ति जताई गई. ईमेल में "गलत आचरण" और खिलाड़ियों एवं मैच अधिकारियों के क्षेत्र (PMOA) के नियमों के कई उल्लंघनों का हवाला दिया गया.
गोपनीय बैठक को रिकॉर्ड करने की कोशिश
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान टीम ने टॉस से पहले कप्तान सलमान अली आगा, कोच माइक हेसन और रेफरी पाइक्रॉफ्ट की बैठक में मीडिया मैनेजर नईम गिलानी को जबरन शामिल करने की कोशिश की. इतना ही नहीं, बैठक को बिना ऑडियो के रिकॉर्ड करने की ज़िद भी की गई, जो ICC के भ्रष्टाचार निरोधक नियमों के खिलाफ है.
PMOA नियमों का उल्लंघन
PMOA (Players and Match Officials Area) एक संवेदनशील क्षेत्र है जहां मोबाइल फोन, रिकॉर्डिंग डिवाइस और गैर-मान्यता प्राप्त व्यक्ति प्रतिबंधित होते हैं. ICC की भ्रष्टाचार-निरोधक यूनिट ने मीडिया मैनेजर को रोकने की कोशिश की, लेकिन PCB ने मैच से हटने की धमकी दे दी.
‘हाथ न मिलाने’ पर विवाद से उपजा मामला
यह सारा मामला भारत-पाकिस्तान मैच से उपजे विवाद के बाद शुरू हुआ, जहां पाकिस्तान का दावा था कि रेफरी पाइक्रॉफ्ट ने कप्तान सलमान को सूर्यकुमार यादव से हाथ मिलाने से रोका. हालांकि भारत की ओर से बताया गया कि यह हाथ न मिलाने का फैसला कश्मीर आतंकवादी हमले के पीड़ितों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए था.
प्रेस रिलीज़ पर भी ICC की आपत्ति
PCB ने एक प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया कि रेफरी पाइक्रॉफ्ट ने 'माफी मांगी' थी. लेकिन ICC ने स्पष्ट किया कि पाइक्रॉफ्ट ने केवल “miscommunication” यानी गलतफहमी पर खेद जताया था, माफी नहीं मांगी थी. इस बयान को भी गुमराह करने वाला बताया गया.
ICC के अगले कदम की प्रतीक्षा
अब ICC इस पूरे घटनाक्रम पर कार्रवाई करने की योजना बना रहा है. यदि PCB दोषी पाया गया, तो यह मामला भविष्य में अन्य टीमों और टूर्नामेंट्स में भागीदारी को भी प्रभावित कर सकता है.
यह भी पढ़ें- चक्का जाम... बंद दुकानें... कई झड़पें, धुआं-धुआं हुआ फ्रांस, क्या है लोगों के विरोध का कारण?