Ravichandran Ashwin On Asia Cup: भारत की एशिया कप 2025 टीम की घोषणा के बाद क्रिकेट जगत में चर्चा का बाजार गर्म है. बीसीसीआई द्वारा घोषित 15 सदस्यीय टीम में दो प्रमुख खिलाड़ियों, श्रेयस अय्यर और यशस्वी जायसवाल को जगह न मिलने पर कई पूर्व खिलाड़ी और विशेषज्ञों ने सवाल उठाए हैं. इनमें सबसे मुखर प्रतिक्रिया भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर की रही.
अपने यूट्यूब शो ‘ऐश की बात’ में अश्विन ने कहा कि चयन प्रक्रिया हमेशा कुछ खिलाड़ियों के लिए निराशाजनक होती है, लेकिन इस बार जो हुआ, वह बेहद “दुखद और गलत” है. उन्होंने कहा, “श्रेयस और जायसवाल के चेहरे की मायूसी को महसूस किया जा सकता है. उम्मीद करता हूं कि किसी ने जाकर उनसे बात की होगी.”
अश्विन ने उठाए अनदेखी पर सवाल
अश्विन ने यशस्वी जायसवाल की हालिया फॉर्म की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने ओवल में कठिन पिच पर शानदार पारी खेली थी. वहीं श्रेयस अय्यर के प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा, “अय्यर ने टीम से बाहर होने के बाद भी चैम्पियंस ट्रॉफी में शानदार वापसी की और भारत को जीत दिलाई. उन्होंने अपनी कमजोरी, शॉर्ट बॉल्स पर संघर्ष, पर काम किया और अब रबाडा, बुमराह जैसे टॉप गेंदबाजों के खिलाफ रन बना रहे हैं. आखिर उनकी गलती क्या है?”
आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब दिलाने वाले अय्यर को न सिर्फ एशिया कप टीम से बाहर रखा गया, बल्कि 20 सदस्यीय संभावितों में भी जगह नहीं मिली, जिससे सवाल और तेज हो गए.
अभिषेक नायर ने चयनकर्ताओं की रणनीति पर उठाया सवाल
अभिषेक नायर, जो भारतीय टीम के पूर्व सहायक कोच रहे हैं, ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने जियो हॉटस्टार से बातचीत में कहा, “अगर श्रेयस 20 खिलाड़ियों में भी नहीं हैं, तो यह साफ संकेत है कि अब वो चयनकर्ताओं की टी20 योजना का हिस्सा नहीं हैं.”
चयन का फैसला या विवाद की शुरुआत?
भारत की एशिया कप टीम में शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी को शामिल करना जहां एक तरफ सकारात्मक माना जा रहा है, वहीं जायसवाल जैसे युवा और श्रेयस जैसे अनुभवी खिलाड़ी की उपेक्षा ने टीम चयन पर एक नई बहस छेड़ दी है. क्या ये एक रणनीतिक फैसला है या फिर दो बेहतरीन खिलाड़ियों के साथ अन्याय? यह सवाल अब हर क्रिकेट प्रेमी की जुबान पर है.
यह भी पढ़ें- Delhi: दरियागंज में इमारत ढहने से तीन मजदूरों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी