बांग्लादेश में नहीं रुक रहा हिंदुओं पर अत्याचार, 24 घंटे में दो की हत्या; व्यापारी को पीट-पीट कर मार डाला

Bangladesh Hindu Violence: बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. बीते दो दिनों में अलग-अलग जिलों से दो हिंदू नागरिकों की हत्या की खबरों ने एक बार फिर अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Atrocities on Hindus are not stopping in Bangladesh two killed in 24 hours
Image Source: Grok Ai

Bangladesh Hindu Violence: बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. बीते दो दिनों में अलग-अलग जिलों से दो हिंदू नागरिकों की हत्या की खबरों ने एक बार फिर अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इन घटनाओं के बाद संबंधित इलाकों में तनाव और डर का माहौल बना हुआ है, जबकि स्थानीय लोग प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

ताजा मामला शनिवार सुबह करीब 11 बजे गाजीपुर जिले के कालिगंज क्षेत्र से सामने आया है. यहां 60 वर्षीय हिंदू होटल व्यवसायी लिटन चंद्र घोष उर्फ काली की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. लिटन घोष इलाके में ‘बोयीशाखी स्वीट एंड होटल’ नाम से एक छोटा होटल चलाते थे और स्थानीय स्तर पर काफी जाने-पहचाने थे.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होटल में काम करने वाले कर्मचारी अनंत दास की एक ग्राहक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी. यह मामूली विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया. स्थिति बिगड़ती देख लिटन घोष अपने कर्मचारी को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन पर ही हमला कर दिया.

बेलचे से वार कर उतारा मौत के घाट

आरोप है कि हमलावरों ने लिटन घोष पर घूंसे और लातों से ताबड़तोड़ हमला किया. इसके बाद एक बेलचे से उन पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े. स्थानीय लोग जब तक कुछ समझ पाते और मदद के लिए आगे आते, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और हिंदू समुदाय में गहरा आक्रोश देखा गया.

तीन आरोपी हिरासत में, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है. शुरुआती जांच में पुलिस का कहना है कि यह मामला एक मामूली विवाद से शुरू हुई हिंसा का है, हालांकि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है.

एक दिन पहले राजबाड़ी में गाड़ी से कुचलकर हत्या

गाजीपुर की घटना से ठीक एक दिन पहले बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले के सदर उपजिला से भी एक हिंदू युवक की हत्या का मामला सामने आया था. यहां 30 वर्षीय रिपन साहा की कथित तौर पर जानबूझकर गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई. यह घटना शुक्रवार को हुई थी, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव और गुस्से का माहौल बन गया.

पेट्रोल पंप पर काम करने के दौरान हुआ विवाद

रिपन साहा राजबाड़ी के गोलांदा मोड़ के पास स्थित करीम फिलिंग स्टेशन पर काम करते थे. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक वाहन चालक ने पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाया लेकिन भुगतान किए बिना वहां से निकलने की कोशिश करने लगा. जब रिपन साहा ने उसे रोककर पैसे मांगे, तो आरोपी ने गाड़ी को तेजी से आगे बढ़ाते हुए जानबूझकर उन्हें कुचल दिया. इस हमले में रिपन साहा की मौके पर ही मौत हो गई.

बीएनपी नेता से जुड़ा आरोपी, वाहन जब्त

पुलिस ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित वाहन को जब्त कर लिया गया है. वाहन के मालिक अबुल हाशेम को गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की राजबाड़ी जिला इकाई का पूर्व कोषाध्यक्ष बताया जा रहा है. वहीं, वाहन चालक कमाल हुसैन को भी पुलिस ने बानिभान निपारा गांव से हिरासत में लिया है.

लगातार घटनाओं से बढ़ी चिंता

लगातार हो रही इन हत्याओं ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. दो दिनों में दो हिंदुओं की हत्या के मामलों ने स्थानीय लोगों में डर और असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है. मानवाधिकार संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि इन घटनाओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

ये भी पढ़ें- आप नफरत में अंधे हैं... ए.आर. रहमान के ताजा बयान पर भड़कीं कंगना रनौत, लगाया ये गंभीर आरोप