Taipei Main Station Attack: ताइवान की राजधानी ताइपे में एक बेहद चौंकाने वाली हिंसक घटना सामने आई है. ताइपे मेट्रो स्टेशन के पास एक व्यक्ति ने अचानक चाकू और स्मोक ग्रेनेड का इस्तेमाल कर लोगों पर हमला कर दिया. इस घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हुए हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर एक बैग लेकर स्टेशन के बाहर मौजूद था. उसने अचानक बैग से स्मोक ग्रेनेड निकालकर सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे चारों तरफ धुआं फैल गया. धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. इस दौरान लोग सुरक्षित जगह तलाशते हुए भागते नजर आए.
#BREAKING: 🇹🇼 Knife attack in Taipei Taiwan. 3 people killed and 5 injured near Taipei Main Station and Zhongshan Station. Suspect used smoke grenades and knife. Died after falling during police chase. pic.twitter.com/0RBp5iBGWQ
— Uncover Report 🧩 (@UncoverReport) December 19, 2025
चाकू से लोगों पर किया गया हमला
धुएं के बीच हमलावर ने अपने बैग से चाकू निकाल लिया और आसपास मौजूद लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया. उसने कई लोगों पर हमला किया, जिससे मौके पर मौजूद लोग और ज्यादा घबरा गए. इसी हमले में दो लोगों की जान चली गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए. घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है.
पुलिस पीछा करते समय हमलावर की मौत
घटना की सूचना मिलते ही ताइपे पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं. पुलिस द्वारा पीछा किए जाने के दौरान हमलावर गिर पड़ा, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. अधिकारियों ने बताया कि मामले की पूरी जांच की जा रही है ताकि घटना के पीछे की वजहों का पता लगाया जा सके.
ताइपे स्टेशन के एम7 एग्जिट के पास हुई घटना
जानकारी के मुताबिक यह हमला ताइपे स्टेशन के एम7 एग्जिट के पास हुआ. शाम के समय पुलिस को सूचना मिली थी कि इस इलाके में किसी व्यक्ति ने स्मोक बम फेंके हैं. धुएं की वजह से स्टेशन के बाहर मौजूद लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. हालात को देखते हुए आसपास के इलाकों को कुछ समय के लिए सुरक्षित किया गया.
रेलवे, हाईवे और एयरपोर्ट पर सुरक्षा कड़ी
इस घटना के बाद ताइपे स्टेशन के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों, हाईवे और एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि हमलावर का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके घर व किराए के ठिकानों की तलाशी ली जा रही है. जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि उसने यह हमला क्यों किया और क्या इसमें कोई और शामिल था.
लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता
घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है. लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों, ट्रांसपोर्ट हब और सार्वजनिक जगहों पर सुरक्षा और मजबूत की जानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.
यह भी पढ़ें- शादी को लेकर क्या बोलीं रश्मिका मंदाना? वेडिंग डेस्टिनेशन का भी खुला राज!