6 महीने के मासूम ने निगली लौंग, गले में फंसने से रुक गई सांस... फिर जो हुआ, जानकर कांप उठेगा कलेजा

Ayodhya News: अयोध्या जिले के बीकापुर क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है. महज 6 महीने के एक मासूम बच्चे की गले में लौंग फंस जाने से मौत हो गई.

ayodhya-6-month-old-baby-dies-after-clove-gets-stuck-in-throat
Image Source: Freepik

Ayodhya News: अयोध्या जिले के बीकापुर क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है. महज 6 महीने के एक मासूम बच्चे की गले में लौंग फंस जाने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बच्चा घर में खेल रहा था, तभी उसने अनजाने में लौंग मुंह में डाल ली. कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और परिवार के लोग उसे बचाने की कोशिश में जुट गए, लेकिन आखिरकार उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. इस हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

खेलते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक तारुन विकासखंड के कुआंडाड़ गांव निवासी सोभनाथ का बेटा आरव घर में खेल रहा था. इसी दौरान उसने पास में रखी लौंग उठाकर मुंह में डाल ली. परिजनों को शुरुआत में इसका अंदाजा नहीं हुआ, लेकिन कुछ देर बाद बच्चे को सांस लेने में परेशानी होने लगी. आशंका जताई जा रही है कि लौंग उसके गले में फंस गई थी, जिसके कारण श्वास नली बाधित हो गई और उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई.

अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ चुकी थी हालत

बच्चे की परेशानी बढ़ते देख परिजन घबरा गए और उसे तुरंत बीकापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. सीएचसी बीकापुर में तैनात चिकित्सक डॉ. अतुल मिश्रा ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और अस्पताल का माहौल भी भावुक हो उठा.

डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह

ग्रामीणों के अनुसार आरव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी असामयिक मौत से पूरा गांव स्तब्ध है. घटना के बाद लोगों ने छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. चिकित्सकों का कहना है कि शिशुओं और छोटे बच्चों को कभी भी बिना निगरानी के नहीं छोड़ना चाहिए, क्योंकि वे खेल-खेल में छोटी वस्तुएं मुंह में डाल लेते हैं, जो कई बार जानलेवा साबित हो सकती हैं. विशेषज्ञों ने अभिभावकों से बच्चों के आसपास ऐसी चीजें न रखने और उन पर लगातार नजर बनाए रखने की अपील की है.

ये भी पढ़ें: UP में फिर चली तबादला एक्सप्रेस, 206 पीपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर, जानें किसे कहां मिली जिम्मेदारी