Diwali 2025: अयोध्या दीपोत्सव ने रचा इतिहास, 26 लाख 17 हजार दीपों से जगमगाई रामनगरी

Ayodhya Deepotsav created history illuminated by lamps

अयोध्या, राम की पावन जन्मभूमि, एक बार फिर भक्ति, संस्कृति और परंपरा की अद्भुत मिसाल बन गई. रविवार की शाम इस नगरी ने ऐसा आलोक पर्व मनाया, जिसने न केवल आंखों को चकाचौंध किया बल्कि दिलों को भी छू लिया. दीपोत्सव 2025 के नौवें संस्करण में अयोध्या ने 26 लाख 17 हजार 215 दीपक जलाकर एक और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.

सांध्य बेला में जैसे ही सरयू नदी के घाटों पर भक्तों का सैलाब उमड़ा, पूरा माहौल “श्री राम, जय राम, जय जय राम” के मंत्रोच्चार से गूंज उठा. हर मंदिर, हर घर, हर गली दीपों की रौशनी से चमक उठा. श्रद्धालु नदी तट पर पूजन-अर्चन में लीन रहे, और संपूर्ण अयोध्या दिव्यता के आलोक में नहाई रही. उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार, 2,128 वैदिक आचार्यों और पुजारियों ने एक साथ मां सरयू की आरती की, जिसे भी गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में जगह मिली. ड्रोन के माध्यम से दीपों की गिनती और आरती की पुष्टि की गई.