Bangladesh Violence: बांग्लादेश में हाल के दिनों में बढ़ती हिंसक घटनाओं के बीच प्रशासन ने एक अहम कार्रवाई करते हुए मैमनसिंह जिले में एक हिंदू युवक की हत्या के मामले में बड़ी सफलता का दावा किया है. साथ ही, एक प्रमुख युवा नेता की हत्या के बाद देश के कई हिस्सों में फैली अशांति ने हालात को और संवेदनशील बना दिया है.
बांग्लादेश के मैमनसिंह जिले के बालुका इलाके में 27 वर्षीय सनातन हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की पीट-पीटकर हत्या के मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने सात लोगों को हिरासत में लिया है. इस बात की पुष्टि देश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने शनिवार को की. यूनुस के मुताबिक, रैपिड एक्शन बटालियन (RAB) ने इलाके में समन्वित अभियान चलाकर संदिग्धों को पकड़ा है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद लिमोन सरकार (19), मोहम्मद तारेक हुसैन (19), मोहम्मद मानिक मिया (20), इरशाद अली (39), निजुम उद्दीन (20), आलमगीर हुसैन (38) और मोहम्मद मिराज हुसैन अकन (46) के रूप में हुई है. मुख्य सलाहकार ने बताया कि RAB-14 की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर इन लोगों को गिरफ्तार किया. मामले की जांच आगे भी जारी है और अन्य संदिग्धों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है.
युवा नेता की हत्या के बाद भड़की हिंसा
इसी बीच बांग्लादेश के एक चर्चित युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए. छह दिन पहले गोली मारकर हत्या किए गए हादी का शव शुक्रवार को सिंगापुर से ढाका लाया गया. वह जुलाई में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान उभरे प्रमुख चेहरों में से एक थे. सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के अनुसार, हादी का शव बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की फ्लाइट से स्थानीय समयानुसार शाम करीब छह बजे हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचा. शव के आगमन के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और बड़ी संख्या में लोग शोक जताने पहुंचे.
राजधानी और अन्य शहरों में तोड़फोड़
हादी के शव के ढाका पहुंचने के कुछ समय बाद ही राजधानी में हालात बिगड़ गए. पुलिस के अनुसार, कथित कट्टरपंथी दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं ने वामपंथी विचारधारा से जुड़ी उदिची शिल्पीगोष्ठी के मुख्य कार्यालय में आग लगा दी. इसके अलावा, गुरुवार रात देश के अलग-अलग हिस्सों में हमले और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं. चट्टगांव में भारतीय सहायक उच्चायुक्त के आवास पर पथराव की घटना भी इन्हीं घटनाओं में शामिल रही. ये सभी घटनाएं उस वक्त हुईं, जब मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने टेलीविजन पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए शरीफ उस्मान हादी की मौत की पुष्टि की थी.
सरकार की अपील
लगातार बढ़ती हिंसा को देखते हुए बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और असामाजिक तत्वों से दूर रहने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश की सबसे काली रात… मीडिया की स्वतंत्रता पर उठे सवाल! 27 साल में पहली बार नहीं छपा ये अखबार