Battle of Galwan: सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' का टीजर रिलीज होने के बाद अब फिल्म का पहला गाना ‘मातृभूमि’ रिलीज कर दिया गया है. गाना सुनते ही दर्शकों के मन में देशभक्ति की भावना जाग उठती है. गणतंत्र दिवस से पहले यह गाना फैंस के लिए एक खास तोहफा साबित हुआ है. रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर गाने को लेकर चर्चा तेज हो गई है और फैंस की उत्सुकता फिल्म के लिए और बढ़ गई है.
‘मातृभूमि’ गाने में सलमान खान भारतीय सेना अधिकारी के रूप में नजर आ रहे हैं. उनके साथ चित्रांगदा सिंह भी दिखाई देती हैं. गाने में दोनों को दो छोटे बच्चों के साथ परिवार के रूप में दिखाया गया है. गाने में परिवार के सुकून भरे पल और गलवान की जंग के कड़े दृश्य एक साथ चल रहे हैं. यह गाना सेना के कर्तव्य, बलिदान और देशभक्ति को बेहद मार्मिक तरीके से पेश करता है. गाने की धुन और लिरिक्स भावनाओं को छू लेते हैं और दर्शकों को इमोशनल कर देते हैं.
हिमेश रेशमिया ने दिया गाने में अपनी खास छाप
गाने के संगीतकार हिमेश रेशमिया ने कहा कि ‘मातृभूमि’ बनाना उनके लिए बेहद इमोशनल रहा. उन्होंने बताया कि गाने की बीट्स और एनर्जी सेना की जज्बे से प्रेरित हैं. उन्होंने कहा, अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल के साथ काम करना खास अनुभव रहा, और सलमान खान के साथ फिर से जुड़ना इस सफर को और भी यादगार बना देता है. गाने के लिरिक्स समीर अंजन ने लिखे हैं, जबकि अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज से इसे और भी दिल छू लेने वाला बना दिया है.
फिल्म की रिलीज और कहानी
‘बैटल ऑफ गलवान’ सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस की गई है और इसे अपूर्व लाखिया ने डायरेक्ट किया है. फिल्म बहादुरी, बलिदान और देशभक्ति की कहानी पर आधारित है. सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह अहम भूमिका में हैं. फिल्म 17 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. गाने की तरह ही फिल्म को लेकर फैंस में भी जोश और उत्सुकता देखने को मिल रही है.
यह भी पढ़ें: क्या? ब्रेकअप के बाद वीर पहाड़िया ने मंदिर में भरी Orry की मांग! वायरल VIDEO देख फैंस हैरान