क्या BCCI ने मुस्तफिजुर रहमान को दिय IPL 2026 खेलने का ऑफर? क्या है इस वायरल पोस्ट की सच्चाई; जानें

भारतीय और बांग्लादेशी क्रिकेट के रिश्तों में एक बार फिर तल्ख़ी देखने को मिल रही है. इस बार विवाद की जड़ आईपीएल नहीं, बल्कि उसके जरिए खड़ा हुआ एक बड़ा कूटनीतिक सवाल है.

BCCI Offer Mustafizur rahman to play in ipl 2026 viral claim know truth
Image Source: ANI

भारतीय और बांग्लादेशी क्रिकेट के रिश्तों में एक बार फिर तल्ख़ी देखने को मिल रही है. इस बार विवाद की जड़ आईपीएल नहीं, बल्कि उसके जरिए खड़ा हुआ एक बड़ा कूटनीतिक सवाल है. कोलकाता नाइट राइडर्स और बांग्लादेश के अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ मुस्तफिज़ुर रहमान को लेकर शुरू हुआ मामला अब बीसीसीआई और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच टकराव की शक्ल ले चुका है, जिसकी गूंज अंतरराष्ट्रीय मंच तक सुनाई दे रही है.


पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब 3 जनवरी को बीसीसीआई ने आईपीएल फ्रेंचाइज़ी केकेआर को निर्देश दिया कि वह मुस्तफिज़ुर रहमान को अपने स्क्वाड से बाहर करे. इस आदेश ने न सिर्फ खिलाड़ी के आईपीएल भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए, बल्कि दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड के बीच तनाव भी बढ़ा दिया. अचानक आए इस फैसले को लेकर क्रिकेट जगत में अटकलों का दौर शुरू हो गया.

करोड़ों में खरीदा, फिर अचानक रिलीज

बीसीसीआई के निर्देश के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने बिना देरी किए मुस्तफिज़ुर रहमान को रिलीज कर दिया. गौरतलब है कि केकेआर ने इस बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ को आईपीएल नीलामी में 9.2 करोड़ रुपये की बड़ी रकम देकर अपने साथ जोड़ा था. ऐसे में उनका अचानक बाहर होना न सिर्फ फ्रेंचाइज़ी बल्कि फैंस के लिए भी हैरान करने वाला रहा.

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का सख्त रुख

मुस्तफिज़ुर के आईपीएल से बाहर होते ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने नाराज़गी जाहिर की. बीसीबी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को अब तक दो औपचारिक पत्र भेजे हैं. इन पत्रों में बीसीबी ने भारत में प्रस्तावित टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान बांग्लादेश के मुकाबलों के वेन्यू बदलने की मांग रखी है.

सुरक्षा को बनाया गया मुद्दा

बीसीबी ने अपने पत्रों में भारत में अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है. इसी आधार पर उन्होंने वर्ल्ड कप मैचों के आयोजन स्थल बदलने की बात कही. हालांकि, इस मुद्दे पर आईसीसी और बीसीबी के बीच चर्चा तो हुई है, लेकिन फिलहाल शेड्यूल में किसी बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.

अफवाहों ने बढ़ाई आग

विवाद के बीच बांग्लादेशी मीडिया में कुछ रिपोर्ट्स सामने आईं, जिनमें दावा किया गया कि बीसीसीआई ने मुस्तफिज़ुर रहमान को आईपीएल में दोबारा मौका देने का प्रस्ताव रखा है. इन खबरों ने मामले को और संवेदनशील बना दिया. इसके बाद बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल को खुद सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी.

बीसीबी अध्यक्ष की सफाई

एक स्थानीय अखबार से बातचीत में अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने साफ शब्दों में इन खबरों को खारिज किया. उन्होंने कहा,“मुस्तफिज़ुर की आईपीएल में वापसी को लेकर मेरी बीसीसीआई से कोई बातचीत नहीं हुई है. न ही मैंने इस विषय पर अपने बोर्ड के किसी सदस्य से चर्चा की है. मीडिया में चल रही इन खबरों में कोई सच्चाई नहीं है.”

क्रिकेट से आगे बढ़ता विवाद

यह पूरा मामला अब सिर्फ एक खिलाड़ी या एक लीग तक सीमित नहीं रह गया है. यह दिखाता है कि कैसे क्रिकेट, जो दोनों देशों के बीच एक सेतु माना जाता है, कभी-कभी कूटनीतिक तनाव का कारण भी बन सकता है. आने वाले दिनों में आईसीसी और दोनों बोर्ड इस मसले को किस दिशा में ले जाते हैं, इस पर पूरी क्रिकेट दुनिया की नज़र टिकी रहेगी.

यह भी पढ़ें: हमारे कप्तान इधर ही बैठें है... आखिर जय शाह ने रोहित शर्मा से क्यों कहा ऐसा? देखें VIRAL वीडियो