Vaishno Devi Yatra: लाखों श्रद्धालुओं की आस्था को नई ऊर्जा देने वाली बड़ी खबर आई है. माता वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा, जो पिछले 22 दिनों से बंद थी, आखिरकार आज (बुधवार) से फिर से शुरू कर दी गई है. नवरात्रि से ठीक पहले ये खबर भक्तों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है.
बीते दिनों अर्धकुंवारी के पास हुए भीषण भूस्खलन ने न सिर्फ यात्रा को रोक दिया था, बल्कि लगभग 34 श्रद्धालुओं की जान भी चली गई थी. इस त्रासदी के बाद यात्रा मार्ग को बंद कर दिया गया था और मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू हुआ था. अब, 22 दिन की अथक मेहनत और मौसम के सहयोग से श्राइन बोर्ड ने 17 सितंबर से यात्रा को दोबारा शुरू करने का फैसला किया है.
श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह, रजिस्ट्रेशन काउंटर पर उमड़ी भीड़
जैसे ही श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने सोशल मीडिया के जरिए यात्रा बहाली की जानकारी साझा की, श्रद्धालुओं में खुशी की लहर दौड़ गई. कटरा स्थित आधार शिविर के रजिस्ट्रेशन काउंटर पर मंगलवार रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं.
श्राइन बोर्ड ने अपनी आधिकारिक पोस्ट में लिखा, "जय माता दी, माता वैष्णो देवी यात्रा 17 सितंबर 2025 से दोबारा शुरू हो रही है. कृपया केवल आधिकारिक चैनलों से अपडेट प्राप्त करें."
प्रशासन की सतर्कता, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
हाल की प्राकृतिक आपदाओं को ध्यान में रखते हुए श्राइन बोर्ड और स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए हैं. पहाड़ियों में अब भी हल्की बारिश की संभावना है, इसलिए मौसम विभाग की निगरानी में यात्रा को नियंत्रित ढंग से चलाया जाएगा. बोर्ड ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्देशों का पालन करें और मौसम को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा की योजना बनाएं.
तीर्थयात्रियों की मांग के बाद हुआ पुनः शुरू करने का फैसला
यात्रा को फिर से बहाल करने का फैसला श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया. हाल ही में कटरा आधार शिविर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण विरोध करते हुए तीर्थयात्रा फिर से शुरू करने की मांग की थी. इसके दो दिन बाद बोर्ड ने सुरक्षा समीक्षा के बाद यात्रा बहाली की घोषणा की.
अब उम्मीदों का पर्व नवरात्रि
नवरात्रि का पर्व नजदीक है और इस शुभ अवसर पर लाखों भक्त माता के चरणों में हाजिरी लगाने के लिए कटरा पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं. बोर्ड का कहना है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया तेज कर दी गई है और यात्रा मार्ग पर हेल्प डेस्क भी सक्रिय किए गए हैं.
यह भी पढ़ें- IND vs OMAN: टीम इंडिया में बड़ा बदलाव तय, ओमान के खिलाफ इस दिग्गज गेंदबाज को मिल सकता है आराम