जहरीली दवा Coldrif कफ सिरप मामले में बड़ा एक्शन, कंपनी मालिक रंगनाथन की हुई गिरफ्तारी

भोपाल. जहरीली कफ सिरप से बच्चों की जान जाने के मामले में आखिरकार बड़ी कार्रवाई हुई है. श्रीसन फार्मा कंपनी के मालिक रंगनाथन को मध्य प्रदेश पुलिस ने चेन्नई से गिरफ्तार कर लिया है.

Bhopal madhya pradesh coldrif owner arreted 20 children died
Image Source: Social Media/ ANI

भोपाल. जहरीली कफ सिरप से बच्चों की जान जाने के मामले में आखिरकार बड़ी कार्रवाई हुई है. श्रीसन फार्मा कंपनी के मालिक रंगनाथन को मध्य प्रदेश पुलिस ने चेन्नई से गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं.

यह कार्रवाई मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में दर्ज मामलों के सिलसिले में की गई है, जहां कथित रूप से जहरीले Coldrif कफ सिरप के सेवन से अब तक 20 बच्चों की मौत हो चुकी है.

20 हजार का इनाम था घोषित

छिंदवाड़ा रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने रंगनाथन की गिरफ्तारी के लिए ₹20,000 के इनाम की घोषणा की थी. इस संबंध में सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखने का आश्वासन भी दिया गया था. यह इनाम श्रीसन फार्मा के मालिक को न्याय की पकड़ में लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ.

SIT की छानबीन और फैक्ट्री पर कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश पुलिस ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था, जिसमें सात वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं. इस टीम ने हाल ही में तमिलनाडु के कांचीपुरम में स्थित श्रीसन फार्मा की फैक्ट्री और चेन्नई के रजिस्टर्ड ऑफिस पर जांच की थी. तमिलनाडु सरकार ने भी इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कंपनी के प्लांट को सील कर दिया है. साथ ही, दवा निर्माता को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्ट किया गया है कि यदि लापरवाही पाई गई तो आपराधिक कार्रवाई की जाएगी.

कफ सिरप के सेवन से बच्चों की हालत बिगड़ी

जानकारी के अनुसार, जहरीले कफ सिरप के सेवन के बाद कई बच्चों की किडनी फेल हो गई थी. इलाज के बावजूद 20 मासूमों की मौत हो चुकी है. इस घटना ने देशभर को झकझोर कर रख दिया है. कइयों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, और अब भी कई बच्चे गंभीर अवस्था में हैं. मामले की भयावहता को देखते हुए केरल, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों ने Coldrif सिरप पर प्रतिबंध लगा दिया है. तमिलनाडु सरकार ने भी 1 अक्टूबर से इसकी बिक्री और वितरण पर रोक लगा दी थी, साथ ही दवा स्टॉक को बाजार से हटाने के निर्देश दिए थे.

चेन्नई में दबिश, अशोक नगर से गिरफ्तारी

सूत्रों के अनुसार, मध्य प्रदेश पुलिस की SIT तीन दिन पहले चेन्नई पहुंची थी. टीम ने अशोक नगर थाना क्षेत्र में दबिश दी और रंगनाथन को हिरासत में लिया. इसके बाद उसे पूछताछ के लिए कांचीपुरम के सुंगुवर्चत्रम ले जाया गया, जहां उससे उत्पादन और सप्लाई से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल की गई हैं.

यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, एयरपोर्ट से संसद तक भव्य स्वागत