Aman Sehrawat Disqualified: भारत की कुश्ती उम्मीदों को करारा झटका लगा है. पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीत चुके स्टार पहलवान अमन सहरावत को वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप 2025 से डिस्क्वालिफाई कर दिया गया है. और वजह? वो बेहद साधारण लेकिन चौंकाने वाली है, अमन तय वजन से 1.7 किलो भारी निकले.
जाग्रेब (क्रोएशिया) में चल रही चैंपियनशिप के दौरान जब अमन वेट-इन के लिए पहुंचे, तो स्केल पर उनका वजन 57 किलोग्राम की सीमा से सीधे 1.7 किलो अधिक पाया गया. यह कुश्ती जैसे माइक्रो-वेट आधारित खेल में एक गंभीर चूक मानी जाती है. भारतीय दल के एक वरिष्ठ सदस्य ने इस घटना को लेकर कहा, "यह हैरान करने वाली स्थिति है. अमन को अपने वजन को लेकर पूरी तरह सतर्क रहना चाहिए था. उन्हें तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिला था, फिर भी ऐसी चूक होना निराशाजनक है."
कैम्प में थे 25 अगस्त से, फिर भी चूक कैसे?
अमन सहरावत 25 अगस्त से जाग्रेब में मौजूद थे, जहां भारतीय टीम अक्लिमेटाइजेशन कैम्प में थी. इस दौरान उन्हें खान-पान और फिटनेस का खास ध्यान रखना था, ताकि वजन बिल्कुल सटीक बना रहे. लेकिन इतने समय के बावजूद वे वजन सीमा के भीतर नहीं आ पाए.
अमन को भारत की ओर से इस टूर्नामेंट में पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा था. उनकी फॉर्म और अनुभव को देखते हुए देश को उनसे काफी उम्मीदें थीं.
क्या हमने विनेश फोगाट की गलती से कुछ सीखा नहीं?
यह पहली बार नहीं है जब किसी भारतीय पहलवान को वजन बढ़ने की वजह से प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा हो. इससे पहले भी भारत की दिग्गज खिलाड़ी विनेश फोगाट को ओलंपिक फाइनल से ठीक पहले डिस्क्वालिफाई किया गया था क्योंकि उनका वजन तय सीमा से सिर्फ 100 ग्राम ज्यादा था.
अब अमन के मामले में यह आंकड़ा 100 ग्राम नहीं, पूरे 1700 ग्राम है, जो साफ तौर पर लापरवाही का मामला लगता है.
अब सवाल ये है, दोष किसका?
क्या अमन ने अपने डाइट और रूटीन को हल्के में लिया? क्या कोचिंग स्टाफ की ओर से निगरानी में कमी रही? या फिर भारतीय कुश्ती संघ इस तरह की चूकों को रोकने के लिए कोई पुख्ता सिस्टम खड़ा नहीं कर पाया? कई सवाल हैं, लेकिन जवाब अभी तक कोई नहीं दे रहा.
देश को एक और संभावित पदक से हाथ धोना पड़ा
खेलों में तकनीकी तैयारी जितनी जरूरी होती है, उतनी ही जरूरी होती है मैनेजमेंट और फिजिकल फिटनेस पर बारीकी से नजर रखना. अमन जैसे अनुभवी खिलाड़ी से यह चूक न सिर्फ उनकी व्यक्तिगत छवि पर असर डालती है, बल्कि देश की उम्मीदों और मेहनत पर भी पानी फेर देती है.
यह भी पढ़ें- दिवाली-छठ पर घर जाने वालों के लिए खुशखबरी! रेलवे ने शुरू की पर्व स्पेशल ट्रेन, जानिए पूरा शेड्यूल और रूट