मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ होने के बाद WTC रैकिंग में बड़ा उलटफेर, देखें टीम इंडिया का हाल

WTC Latest ranking: मैनचेस्टर में खेला गया भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला एक रोमांचक मोड़ के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुआ.

Big upset in WTC rankings after Manchester Test draw Team India
Image Source: ANI

WTC Latest ranking: मैनचेस्टर में खेला गया भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला एक रोमांचक मोड़ के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुआ. इस मैच में एक वक्त ऐसा भी आया जब लगा कि भारत की हार अब महज औपचारिकता रह गई है, लेकिन टीम इंडिया के जुझारूपन ने नतीजा पलट दिया.

दूसरी पारी में शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर के शतकों ने टीम को संभालते हुए मैच को हार से निकालकर ड्रॉ की ओर मोड़ दिया. वहीं केएल राहुल ने भी 90 रनों की दमदार पारी खेली, जिसने भारत की उम्मीदों को जिंदा रखा.

पहली पारी में फंसी थी टीम इंडिया

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहली पारी में 358 रन बनाए. इसके जवाब में इंग्लैंड ने 669 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया और 311 रन की बढ़त हासिल कर ली. ऐसे में भारत की हार लगभग तय लग रही थी, और दूसरी पारी की शुरुआत भी डरावनी रही जब पहले ही ओवर में दो विकेट, यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन के रूप में गिर गए. लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने हर भारतीय फैन को राहत दी.

गिल, जडेजा और सुंदर ने जोड़ी दीवार

तीनों बल्लेबाजों ने गजब की धैर्य, तकनीक और लय के साथ बल्लेबाजी की. शुभमन गिल ने आत्मविश्वास से भरी 112 रनों की पारी खेली, रवींद्र जडेजा ने एक बार फिर संकट में भरोसेमंद बल्लेबाज की भूमिका निभाते हुए 127 रन बनाए, और वाशिंगटन सुंदर ने नाबाद 101 रन बनाकर इंग्लिश गेंदबाज़ों की हर रणनीति को फेल कर दिया. इन तीनों ने मिलकर भारत को शर्मनाक हार से बाहर निकालकर सम्मानजनक ड्रॉ तक पहुंचा दिया.

ड्रॉ के बाद WTC की स्थिति कैसी है?

इस मुकाबले के ड्रॉ होने से भारत और इंग्लैंड को 4-4 अंक मिले. बता दें कि टेस्ट में जीतने पर 12 अंक, टाई होने पर 6 अंक, और ड्रॉ पर 4 अंक मिलते हैं. हालांकि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की पोजिशन केवल अंकों से नहीं, बल्कि जीत प्रतिशत (PCT) से तय होती है.

WTC 2025-27: टॉप टीमों की स्थिति

ऑस्ट्रेलिया: 100% जीत प्रतिशत

श्रीलंका: 66.67%

इंग्लैंड: 54.17% (2 जीत, 1 हार, 1 ड्रॉ – 26 अंक)

भारत: 33.33% (1 जीत, 2 हार, 1 ड्रॉ – 16 अंक)

बांग्लादेश: 16.67%

वेस्टइंडीज: 0%

अब निर्णायक होगा ओवल टेस्ट!

भारत फिलहाल सीरीज में 1-2 से पीछे है. अब सीरीज जीतना मुमकिन नहीं है, लेकिन 31 जुलाई से 'द ओवल' में शुरू होने वाले पांचवें और आखिरी टेस्ट में भारत के पास सीरीज ड्रॉ करने का सुनहरा मौका है. हालांकि ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी टीम के लिए झटका है, लेकिन जिस अंदाज़ में गिल-जडेजा-सुंदर ने इस मैच को बचाया, उससे आत्मविश्वास जरूर लौट आया है.

ये भी पढ़ें- ISRO और NASA का ऐतिहासिक कदम: NISAR सैटेलाइट से क्या बदलने वाला है? चीन-पाकिस्तान थर्र-थर्र कांपेंगे