बिग बॉस 19 में इस हफ्ते का कैप्टेंसी टास्क दिल को छू लेने वाले इमोशंस और विवादों से भरपूर रहा. दिवाली वीक में जहां घरवालों को अपने-अपने परिवार की चिट्ठियां मिलीं, वहीं इन चिट्ठियों के जरिए कैप्टन बनने का मौका भी दिया गया. लेकिन जैसे-जैसे टास्क आगे बढ़ा, एक भावुक पल ने पूरे घर का माहौल गर्मा दिया.
शो के नए प्रोमो में दिखाया गया कि फरहाना ने कैप्टन बनने की दौड़ में नीलम की घर से आई चिट्ठी को शेडर में डाल दिया. जैसे ही नीलम को ये पता चलता है कि उनकी चिट्ठी फाड़ दी गई है, वो भावुक हो जाती हैं और आंसुओं में टूट जाती हैं. फरहाना की इस हरकत से पूरा घर उनके खिलाफ खड़ा हो जाता है. तान्या और शहबाज खुलेआम फरहाना पर बरसते हैं और कहते हैं, “अब तू चला ले अपनी कैप्टेंसी.” वहीं कुनिका, नीलम को संभालते हुए कहती हैं, “ऐसी भी क्या दुश्मनी?”
अमाल मलिक का गुस्सा फूटा, तोड़ी फरहाना की प्लेट
फरहाना के इस कदम से जहां बाकी सदस्य आहत थे, वहीं अमाल मलिक ने इस पर खुलकर नाराजगी जताई. एक दूसरे प्रोमो में दिखाया गया कि डाइनिंग एरिया में बैठी फरहाना जब खाना खा रही थीं, तब अमाल ने उन पर तंज कसते हुए कहा, “जहर उगलने के बाद खाने का मन है? थोड़ी सी तो शर्म कर लो.” फरहाना के जवाब देते ही अमाल का पारा चढ़ गया और उन्होंने उनकी थाली उठाकर सीधे सिंक में फेंक दी, जिससे प्लेट टूट गई. इस घटना के बाद घर का माहौल पूरी तरह गरमा गया और बाकी सदस्य अमाल को शांत करने की कोशिश करते नजर आए.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस टास्क और विवाद ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा छेड़ दी है. कुछ यूजर्स फरहाना को ‘बिग बॉस की असली गेम चेंजर’ कह रहे हैं तो कुछ ने अमाल की हरकत पर सवाल उठाए हैं. एक यूजर ने लिखा, “खाने की प्लेट छीनना गलत है. क्या सलमान इस बार भी अमाल का बचाव करेंगे?” वहीं दूसरे ने कहा, “फरहाना भट्ट इस सीजन की सबसे मजबूत कंटेस्टेंट हैं.” एक ने कमेंट किया, “ये इमोशंस, ये ड्रामा, फरहाना वाकई बिग बॉस का पूरा पैकेज हैं.”
क्या वीकेंड के वार में होगा बड़ा फैसला?
अब देखना दिलचस्प होगा कि इस हफ्ते वीकेंड के वार में सलमान खान इस घटना को कैसे लेते हैं. क्या अमाल को डांट पड़ेगी? या फिर फरहाना की गेम स्ट्रैटेजी को सराहा जाएगा? बिग बॉस 19 की यह टकराव भरी कैप्टेंसी टास्क ने शो को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है.
यह भी पढ़ें: 'निकाल दिया...', अचानक रात को अमिताभ बच्चन ने किया ऐसा पोस्ट, फैंस हुए हैरान