Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही एनडीए गठबंधन में राजनीतिक गतिविधियां तेज़ हो गई हैं. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने उम्मीदवारों की सूची तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है. सूत्रों के अनुसार, बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की अहम बैठक 12 या 13 अक्टूबर को होने जा रही है, जिसमें उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी.
उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया अंतिम दौर में
बीजेपी ने प्रत्येक विधानसभा सीट के लिए तीन-तीन संभावित नामों का पैनल तैयार किया है. इन नामों पर 11 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाली बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक में विस्तार से चर्चा की जाएगी. इसके बाद ये प्रस्तावित नाम केंद्रीय चुनाव समिति को भेजे जाएंगे, जो अंतिम फैसला लेगी.
सीट बंटवारे पर NDA में बन सकती है अंतिम सहमति
सूत्रों की मानें तो एनडीए के भीतर सीट बंटवारे को लेकर अधिकांश चर्चा पूरी हो चुकी है, और अब अंतिम सहमति की ओर गठबंधन बढ़ रहा है. जदयू ने समन्वय की ज़िम्मेदारी बीजेपी को सौंपी है, जो सभी सहयोगी दलों के बीच तालमेल बैठाने का काम कर रही है.
13 अक्टूबर को आ सकती है पहली सूची
कयास लगाए जा रहे हैं कि बीजेपी और सहयोगी दलों की संयुक्त पहली उम्मीदवार सूची 13 अक्टूबर को जारी की जा सकती है. इस सूची में बीजेपी के अलावा जदयू, हम (HAM), और लोजपा (रामविलास) के उम्मीदवारों के नाम भी शामिल हो सकते हैं.
लोजपा (रामविलास) में चिराग पासवान को फ्री हैंड
एनडीए की सहयोगी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपने अध्यक्ष चिराग पासवान को सीट बंटवारे और चुनाव से जुड़े सभी फैसलों के लिए अधिकृत कर दिया है. पार्टी के सांसदों और पदाधिकारियों की बैठक में यह फैसला लिया गया कि 243 विधानसभा सीटों पर चिराग पासवान का निर्णय ही अंतिम होगा.
सीटों की मांग बढ़ा सकती है लोजपा
हालांकि, लोजपा (रामविलास) की सीटों को लेकर स्थिति अब भी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. शुरुआती दौर में पार्टी ने 20-22 सीटों पर सहमति जताई थी, लेकिन अब सूत्रों के मुताबिक पार्टी कम से कम 25 सीटों की मांग कर रही है. कुछ नेताओं का मानना है कि लोजपा को 45 सीटें मिलनी चाहिए.
ये भी पढ़ें: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए ECI ने कसी कमर, 8.5 लाख अधिकारियों को किया तैनात, जारी अधिसूचना