Bihar Assembly Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान के बाद अब सियासी लड़ाई और तेज हो गई है. दूसरे चरण के मतदान (11 नवंबर) से पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार (8 नवंबर) को पूर्णिया के बनमनखी में रैली कर महागठबंधन पर जमकर हमला बोला. उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को निशाने पर लिया और सीमांचल को लेकर गंभीर आरोप लगाए.
अमित शाह ने सभा को बताया कि हाल ही में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव सीमांचल में ‘घुसपैठिया बचाओ’ यात्रा पर निकले थे, जिनका उद्देश्य, उनके शब्दों में, सीमांचल को “घुसपैठियों का गढ़” बनाना है. उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीतिक लड़ाई अब दो खेमों में बंटी है — एक “बिखरा हुआ ठगबंधन” और दूसरी ओर “पाँच पांडवों” की तरह मजबूत एनडीए. शाह ने दावा किया कि पहले चरण के वोटिंग के बाद महागठबंधन कमजोर पड़ चुका है और एनडीए के साथ मोदी-नीतीश नेतृत्व में राज्य सरकार बनेगी.
लालू राज पर तीखी टिप्पणी
अमित शाह ने पूर्व राज पर कटाक्ष करते हुए कहा कि लालू-राबड़ी के शासनकाल में यहां कानून-व्यवस्था चरमरा चुकी थी. उनके शब्दों में, उस दौर में “दीन-दिनाहाड़े हत्या, लूट-खसोट और अपहरण जैसी घटनाएँ आम थीं”. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने जंगलराज को नियंत्रित किया, परंतु अब वही जंगलराज एक नए रूप में लौटने की कोशिश कर रहा है. इसलिए मतदाताओं से आग्रह है कि हर वोट जंगलराज की वापसी रोकने में काम आए.
शहाबुद्दीन के बेटे पर कड़ा रुख
एक संवेदनशील मुद्दे का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि महागठबंधन ने सिवान से शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा को टिकट दिया है. उन्होंने यादव परिवार पर हमला करते हुए कहा कि सिवान और बिहार की धरती पर ऐसे उम्मीदवारों की कोई जगह नहीं होनी चाहिए. शाह ने तेजस्वी से भी तंज कसा और स्पष्ट किया कि इस तरह के लोगों को राजनीति में जगह नहीं मिलनी चाहिए.
सीमांचल और ‘घुसपैठ’ का मुद्दा
शाह ने घुसपैठ को निर्वाचन की एक बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि ये लोग हमारे युवाओं की नौकरियाँ छीनते हैं, गरीबों के राशन में हिस्सेदारी लेते हैं और देश की सुरक्षा के लिए खतरा हैं. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि अगर एनडीए सत्ता में आता है तो न केवल घुसपैठियों को निकाला जाएगा, बल्कि जो अवैध अतिक्रमण हुआ है, उसे हटाकर सीमांचल की जमीन को वापस कराया जाएगा.
यह भी पढ़ें: 'कु:संस्कार से भरे हुए लोग कुशासन का राज चाहते हैं', बिहार में RJD पर पीएम मोदी ने किया वार