Bihar Assembly Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण के प्रचार में दरभंगा की धरती पर गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. भीड़ से खचाखच भरे मैदान में शाह की आवाज़ गूंज उठी “जिन लोगों ने बिहार को जंगलराज में झोंक दिया था, वे अब नए चेहरे और नए वादों के साथ लौटने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता अब उनके बहकावे में नहीं आने वाली.” उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे कमल के निशान पर बटन दबाकर राज्य में विकास की गाड़ी को रुकने न दें.
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार, खासकर मिथिला क्षेत्र में, विकास की दिशा में ऐतिहासिक काम हुए हैं. उन्होंने बताया कि दरभंगा में एम्स (AIIMS) का निर्माण न केवल राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करेगा, बल्कि इस क्षेत्र को चिकित्सा पर्यटन का केंद्र भी बनाएगा. शाह ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव और राहुल गांधी की सरकारें दस साल तक सत्ता में रहीं, लेकिन उन्होंने दरभंगा के लिए कुछ नहीं किया. मोदी जी ने जो कहा, वो किया और बिहार को विकास की पटरी पर चढ़ाया. उन्होंने आगे जोड़ा कि दरभंगा मेट्रो प्रोजेक्ट पर भी तैयारी चल रही है, जिससे मिथिला के युवाओं को नई रफ्तार और नए अवसर मिलेंगे.
राम मंदिर पर गर्व और विपक्ष पर प्रहार
गृहमंत्री शाह ने अपने भाषण में अयोध्या के राम मंदिर का मुद्दा भी उठाया और कहा कि सदियों पुराना सपना अब साकार हो चुका है. उन्होंने कहा कि मुगलों से लेकर अंग्रेजों तक, और कांग्रेस से लेकर लालू तक, सबने राम मंदिर के निर्माण में अड़चन डाली. लेकिन जब मोदी जी की सरकार बनी, तब जाकर अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन पाया. यह केवल आस्था नहीं, भारत की आत्मा का प्रतीक है. शाह के इस बयान पर जनता ने जोरदार तालियां बजाकर समर्थन जताया.
पाकिस्तान को मिली सख्त चेतावनी
भाषण के दौरान अमित शाह ने पाकिस्तान को भी दो टूक चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीति स्पष्ट है. “अगर पाकिस्तान ने हिमाकत की, तो जवाब गोली नहीं, गोले से मिलेगा.” उन्होंने बताया कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकियों का सफाया किया था, और अब देश की सुरक्षा से कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
बिहार में डिफेंस कॉरिडोर का ऐलान
अमित शाह ने दरभंगा की जनता को एक बड़ी सौगात देते हुए कहा कि बिहार में भी अब यूपी और तमिलनाडु की तर्ज पर डिफेंस कॉरिडोर बनाया जाएगा. इसके ज़रिए हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा और बिहार उद्योग व रक्षा निर्माण का नया केंद्र बनेगा. उन्होंने कहा कि अब बिहार सिर्फ पलायन का राज्य नहीं रहेगा, बल्कि यह देश की रक्षा व्यवस्था में अहम भूमिका निभाएगा.
महिलाओं के सम्मान पर राजनीति
शाह ने अपने भाषण के अंतिम हिस्से में राजद (RJD) पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि लालू यादव की पार्टी ने महिला रोजगार योजना का विरोध किया और चुनाव आयोग को पत्र लिखकर ‘जीविका दीदी’ योजना में दिए गए 10,000 रुपये वापस लेने की मांग की. शाह बोले यह साबित करता है कि राजद महिलाओं की तरक्की से डरती है. मोदी सरकार ने बेटियों और माताओं के सम्मान के लिए काम किया है — चाहे उज्ज्वला योजना हो, जनधन खाते हों या महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना.
“बिहार को फिर पीछे नहीं जाने देंगे”
जनसभा के अंत में अमित शाह ने जनता से भावनात्मक अपील की बिहार अब जंगलराज नहीं, सुशासन और विकास की पहचान बनेगा. जो लोग अपराध और भ्रष्टाचार के प्रतीक हैं, उन्हें फिर मौका मत दीजिए. इस बार भी कमल खिलाइए, ताकि बिहार मोदी जी के विकास पथ पर और तेज़ी से आगे बढ़े.
यह भी पढ़ें: हर महिला के खाते में आएंगे 30 हजार, तेजस्वी यादव का बड़ा ऐलान; बोले- इस बार बिहार में बदलाव तय