Bihar Assembly Elections Result 2025: नतीजों से पहले नेताओं के बयान तेज, जानें किसने क्या कहा

Bihar Assembly Elections Result 2025: बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव ने राजनीतिक तापमान को इस कदर बढ़ा दिया है कि नतीजे आने से पहले ही पूरे राज्य में उत्सुकता का माहौल चरम पर है. दो चरणों में हुए मतदान के बाद अब सबकी नज़रें चुनाव आयोग की स्क्रीन पर टिकी हैं.

Bihar Assembly Elections Result 2025 Know what vijay sinha and other leaders says
Image Source: Social Media/ ANI

Bihar Assembly Elections Result 2025: बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव ने राजनीतिक तापमान को इस कदर बढ़ा दिया है कि नतीजे आने से पहले ही पूरे राज्य में उत्सुकता का माहौल चरम पर है. दो चरणों में हुए मतदान के बाद अब सबकी नज़रें चुनाव आयोग की स्क्रीन पर टिकी हैं. कुछ ही समय में यह साफ हो जाएगा कि सत्ता की चाबी किसके हाथ में जाएगी और जनता ने किन नेताओं पर भरोसा जताया है.

इसी बीच, विभिन्न दलों के नेता अपनी प्रतिक्रिया देते हुए दिखाई दे रहे हैं—किसी को अपनी जीत का पूरा विश्वास है तो कोई विरोधियों की हार तय बता रहा है.

विजय सिन्हा का दावा, “आज बिहार नए इतिहास का निर्माण करेगा”

नतीजों से ठीक पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने ANI से बात करते हुए कहा कि आज का दिन बिहार के लोकतांत्रिक इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होने वाला है. उन्होंने कहा कि पूरा राज्य लोकतंत्र के इस महापर्व में शामिल है और इसका परिणाम न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के लिए शुभ संकेत लेकर आएगा. विजय सिन्हा ने आगे कहा कि बिहार की धरती हमेशा से लोकतंत्र की राह दिखाने वाली रही है और इस बार भी यहां से पूरे भारत को एक सकारात्मक संदेश जाएगा. उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित बिहार की मजबूत नींव आज एक बार फिर रखी जाएगी.

राजद नेता मृत्युंजय तिवारी का प्रहार—“आज NDA की विदाई तय”

दूसरी ओर, महागठबंधन की तरफ से राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने नतीजे आने से पहले ही जीत का दावा ठोक दिया है. ANI से बातचीत में उन्होंने कहा कि महागठबंधन की जीत 100% तय है और जनता ने तेजस्वी यादव को शासन करने का अवसर दिया है. तिवारी ने कहा कि बिहार की नई तस्वीर और तकदीर बदलने का समय आ गया है और आज का दिन NDA सरकार के अंत का होगा. उनके मुताबिक, “डबल इंजन सरकार की गाड़ी अब कुछ ही घंटों की मेहमान है, दोपहर बाद सब कुछ साफ हो जाएगा.”

JDU नेता राजीव रंजन प्रसाद को NDA की वापसी का पूरा भरोसा

महागठबंधन और NDA के बीच आरोप-प्रत्यारोप व दावों की इस जंग में JDU नेता राजीव रंजन प्रसाद भी पीछे नहीं रहे. उन्होंने ANI को बताया कि जनता ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा जताया है. प्रसाद ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है और इसी वजह से NDA को फिर से बहुमत मिलने वाला है. उनका दावा है कि बिहार में स्थिर सरकार के लिए जनता ने साफ जनादेश दिया है.

नतीजों से पहले बढ़ी धड़कनें, नेताओं के दावों का सच कुछ ही देर में साफ

राजनीतिक बयानों, अंदाजों और दावों के इस महासमर में असली तस्वीर कुछ ही घंटों में सामने आने लगेगी. शाम तक यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि बिहार की बागडोर किसके हाथ में होगी और किस नेता की भविष्यवाणी सही साबित हुई. फिलहाल तो पूरा बिहार टीवी, मोबाइल और सोशल मीडिया पर नजरें गड़ाए इंतजार कर रहा है.

यह भी पढ़ें: Vidhan Sabha Upchunav Results: जम्मू-कश्मीर और 6 राज्यों की 8 सीटों पर उपचुनाव के रिजल्ट आज