बिहार: ताजिया जुलूस की वीडियोग्राफी, DJ पर बैन... 15 अगस्त, चेहल्लुम और जन्माष्टमी को लेकर जारी हुए सख्त निर्देश

बिहार में आने वाले महत्वपूर्ण त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है. 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस, 16 अगस्त को चेहल्लुम और जल्द ही जन्माष्टमी जैसे बड़े पर्व हैं, जिनके मद्देनजर पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है.

Bihar bans DJ and videography of Tazia processions issues guidelines for 15th August Chehlum and Janmashtami
Image Source: Social Media

पटना: बिहार में आने वाले महत्वपूर्ण त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है. 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस, 16 अगस्त को चेहल्लुम और जल्द ही जन्माष्टमी जैसे बड़े पर्व हैं, जिनके मद्देनजर पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है. खुफिया तंत्र को पूरी तरह सक्रिय किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.

चेहल्लुम के दौरान विशेष सुरक्षा इंतजाम

एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) पंकज दराद ने बताया कि 16 अगस्त को चेहल्लुम का पर्व बड़े पैमाने पर मनाया जाता है. इस धार्मिक आयोजन को ध्यान में रखते हुए मुस्लिम बहुल इलाकों की पहचान कर वहां एसपी, डीएम और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की गई है. इन क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पूरी शांति और व्यवस्था बनी रहे.

ताजिया जुलूस की वीडियोग्राफी पर खास नजर

चेहल्लुम के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूस की वीडियोग्राफी करने का आदेश भी जारी किया गया है. इसका मकसद किसी भी तरह की गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करना है. शांति समिति के साथ मिलकर पुलिस ने यह सुनिश्चित किया है कि धार्मिक आयोजनों में कोई अप्रिय घटना न हो.

डीजे पर सख्त प्रतिबंध, चेतावनी जारी

पंकज दराद ने डीजे पर बैन लगाते हुए साफ कहा है कि चेहल्लुम मातम का पर्व है, जहां डीजे बजाना पूरी तरह वर्जित है. यदि कोई इस निर्देश का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता और संबंधित कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी.

पुलिस बल पूरी तरह तैयार

बिहार पुलिस के पास पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी और सुरक्षा बल उपलब्ध हैं. 8000 से अधिक प्रशिक्षित रिक्रूट, 40 कंपनियां सैप की, 12 अतिरिक्त डीजी रिजर्व और 7 कंपनियां सीआरपीएफ की तैनात की जा सकेंगी. पंकज दराद ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की कमी नहीं होगी और सभी त्योहार पूरी शांति से संपन्न होंगे.

ये भी पढ़ें: लालू का मकड़जाल, पॉलिटिक्स में नीतीश का नया प्रयोग... जानें बिहार की राजनीति का केंद्र कैसे बने "सुशासन बाबू"