BJP Second List: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार, 15 अक्टूबर को अपने प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी. इस सूची में कुल 12 नाम शामिल हैं, जिनमें से कई नए चेहरे हैं, तो कुछ पुराने और बड़े नामों को टिकट नहीं देकर पार्टी ने राजनीतिक संकेत भी दिए हैं. सबसे चौंकाने वाला नाम लोक गायिका मैथिली ठाकुर का रहा, जिन्हें पार्टी ने अलीनगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है.
मैथिली ठाकुर ने मंगलवार को ही बीजेपी की सदस्यता ली थी और एक दिन बाद ही पार्टी ने उन्हें अलीनगर सीट से अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया. मैथिली लोक संगीत और युवा वर्ग के बीच काफी लोकप्रिय हैं, और बीजेपी का यह कदम साफ तौर पर सांस्कृतिक अपील और युवाओं को साधने की रणनीति के तहत उठाया गया है. इस निर्णय से यह भी स्पष्ट हो गया है कि पार्टी अब छवि और जनसंपर्क को भी चुनावी जीत के लिए अहम मान रही है.
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव-2025 को लेकर चयनित प्रत्याशियों की द्वितीय सूची जारी की जा रही है।
— BJP Bihar (@BJP4Bihar) October 15, 2025
सभी को हार्दिक बधाई एवं विजयश्री की अग्रिम शुभकामनाएं।#आएगी_NDA pic.twitter.com/Jyu7kpjhJU
पुराने चेहरों की विदाई, नए को मौका
बीजेपी की इस सूची में कई पुराने नामों को हटाकर नए प्रत्याशियों को मैदान में उतारा गया है. बाढ़ सीट से पूर्व विधायक ज्ञानेंद्र ज्ञानू को रिप्लेस करते हुए डॉक्टर सियाराम सिंह को टिकट दिया गया है. इसी तरह, छपरा से CN गुप्ता की जगह अब छोटी कुमारी को मौका मिला है. वहीं, मुजफ्फरपुर सीट से सुरेश शर्मा की छुट्टी कर दी गई है और उनकी जगह रंजन कुमार को टिकट मिला है. इन बदलावों से यह स्पष्ट है कि पार्टी अब प्रदर्शन के आधार पर टिकट दे रही है, न कि केवल वरिष्ठता या पुराने जुड़ाव के दम पर.
बाहुबलियों के रिश्तेदारों को भी मौका
बीजेपी ने कुछ ऐसे चेहरों को भी उम्मीदवार बनाया है, जिनके पारिवारिक संबंध बिहार की राजनीति के पुराने दिग्गजों या बाहुबलियों से जुड़े हैं. बनियापुर सीट से राजद के पूर्व नेता और बाहुबली प्रभुनाथ सिंह के भाई केदार नाथ सिंह को टिकट दिया गया है. वहीं, सोनपुर सीट से एक बार फिर विनय कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है, जो प्रभुनाथ सिंह के समधी भी हैं. इन दोनों सीटों पर पारिवारिक नेटवर्क और स्थानीय प्रभाव को ध्यान में रखकर चयन किया गया प्रतीत होता है.
पूर्व IPS आनंद मिश्रा अब बक्सर से प्रत्याशी
बक्सर सीट से बीजेपी ने पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा को टिकट दिया है. आनंद मिश्रा हाल ही में प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज से बीजेपी में शामिल हुए थे. प्रशासनिक अनुभव के साथ राजनीतिक छवि को जोड़ते हुए पार्टी ने उन्हें मौका दिया है, जो यह दर्शाता है कि बीजेपी अब बाहरी लेकिन सशक्त चेहरों को भी अपनाने में हिचक नहीं रही.
नई पहचान की ओर अगिआंव सीट
अगिआंव विधानसभा सीट से पार्टी ने महेश पासवान को टिकट दिया है, जबकि 2020 के चुनाव में इस सीट से शिवेश कुमार उम्मीदवार थे. यह बदलाव स्थानीय स्तर पर जातीय समीकरण और सामाजिक प्रभाव को संतुलित करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.