IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां संस्करण अब अपने आधे सफर को पार कर चुका है और इस सीजन में जहां हर मैच में रोमांच भरपूर देखने को मिल रहा है, वहीं बिहार के क्रिकेटरों ने अपनी शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान आकर्षित किया है. इस सीजन में कई ऐसे युवा क्रिकेटर हैं जिन्होंने अपने खेल से क्रिकेट जगत में अपनी एक अलग पहचान बनाई है. कुछ ने तो रिकॉर्ड भी तोड़े हैं, वहीं कुछ खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत से खुद को साबित किया है. इस बार आईपीएल में बिहार के खिलाड़ियों का जलवा साफ नजर आ रहा है. आइए जानते हैं उन खिलाड़ियों के बारे में जिन्होंने बिहार का नाम रोशन किया है.
वैभव सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी का नाम इस सीजन में लगातार चर्चा में बना हुआ है. बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर में 27 मार्च, 2011 को जन्मे वैभव ने महज 14 साल की उम्र में IPL में कदम रखकर इतिहास रच दिया. वह IPL में खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे. इस युवा बल्लेबाज ने पहले ही सीजन में 35 गेंदों में शतक जड़कर अपनी जगह बनाली थी. वैभव को भारतीय क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ियों में गिना जाता है.
वैभव ने अब तक 15 IPL मैच खेले हैं और 609 रन बनाए हैं. इसके अलावा, उन्होंने 2 शतक और 3 अर्धशतक भी लगाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से कुल 56 छक्के भी निकले हैं. इस सीजन में वैभव का प्रदर्शन फिर से धमाकेदार रहा है और वह अपनी बल्लेबाजी से सभी को हैरान कर रहे हैं. उनकी खेल क्षमता ने उन्हें केवल बिहार ही नहीं, पूरे भारत में एक स्टार बना दिया है.
साकिब हुसैन
इस बार IPL में बिहार के एक और क्रिकेटर ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है. साकिब हुसैन, जो कि बिहार के गोपालगंज जिले से हैं, ने सनराइजर्स हैदराबाद की टीम से IPL 2026 में डेब्यू किया है. महज 21 साल के साकिब ने पहले मैच में 4 विकेट लेकर सबको चौंका दिया.
साकिब का क्रिकेट सफर टेनिस बॉल क्रिकेट से शुरू हुआ था और उन्हें अपनी कड़ी मेहनत का फल अब मिल रहा है. 2024 में KKR ने उन्हें खरीदा था, लेकिन उस समय वह खेल में हिस्सा नहीं ले पाए थे. इस सीजन में उनकी शानदार गेंदबाजी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बिहार के खिलाड़ी बड़े मंच पर अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं.
ईशान किशन
ईशान किशन, जो बिहार के पटना जिले से हैं, इस समय IPL 2026 में अपनी बल्लेबाजी से टीम SRH के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं. 18 जुलाई, 1988 को जन्मे ईशान ने पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 74 रनों की शानदार पारी खेली, जिसके दम पर SRH ने 229 रनों का चेज सफलतापूर्वक पूरा किया.
ईशान किशन न सिर्फ IPL, बल्कि 2024 T20 World Cup विजेता भारतीय टीम का हिस्सा भी थे. उनकी बल्लेबाजी क्षमता और तेजतर्रार पारी उनकी पहचान बन चुकी है. IPL 2026 के शुरुआत में, उन्होंने SRH की कप्तानी भी की और अपनी नेतृत्व क्षमता का भी प्रदर्शन किया. ईशान किशन बिहार के क्रिकेट के लिए एक गर्व का कारण बन चुके हैं.
मुकेश कुमार
मुकेश कुमार का नाम भी बिहार के प्रमुख क्रिकेट खिलाड़ियों में लिया जाता है. गोपालगंज से ताल्लुक रखने वाले मुकेश कुमार फिलहाल दिल्ली कैपिटल्स की टीम में शामिल हैं. हालांकि इस सीजन में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, फिर भी वह टीम का अहम हिस्सा हैं. उन्होंने 7 मैचों में केवल 5 विकेट लिए हैं, लेकिन उनका अनुभव टीम के लिए महत्वपूर्ण है.
मुकेश ने 2023 में IPL में डेब्यू किया था और तब से वह दिल्ली कैपिटल्स की टीम के साथ जुड़े हुए हैं. उनकी गेंदबाजी में दम है और वह आने वाले मैचों में अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं.
IPL में बिहार के अन्य क्रिकेट खिलाड़ी
इस साल भी कुछ और खिलाड़ी बिहार से IPL में खेलने आए हैं, जो अभी तक डेब्यू नहीं कर पाए हैं, लेकिन उनके लिए मौके का इंतजार जारी है. मोहम्मद सलाहुद्दीन इजहार, जो पटना से हैं, मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े हुए हैं, लेकिन उन्हें अभी तक खेलने का मौका नहीं मिला. दरभंगा के सुशांत मिश्रा भी राजस्थान रॉयल्स से जुड़े हैं, हालांकि उन्हें डेब्यू का मौका अब तक नहीं मिला. इसके अलावा, सनराइजर्स हैदराबाद के अमित कुमार भी बिहार से ही हैं और वह भी डेब्यू के इंतजार में हैं.
ये भी पढ़ें: मनु भाकर ने क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी पर ऐसा क्या कहा, जो भड़क गए लोग? सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस