Lalu Family Dispute: लालू प्रसाद यादव के परिवार में मचे भीषण विवाद के बीच घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है. लगातार बढ़ रहे तनाव और आरोपों की आंधी के बीच लालू यादव की तीन बेटियां, रागिनी, राजलक्ष्मी और चंदा, शनिवार को अपने परिवार और बच्चों के साथ पटना से दिल्ली के लिए रवाना हो गईं.
दूसरी ओर, बड़ी बेटी रोहिणी आचार्य भी आज दिल्ली से सिंगापुर के लिए उड़ान भरेंगी. कल शाम रोहिणी दिल्ली पहुँची थीं, जहां वह मीडिया के सामने फफक-फफक कर रोईं और परिवार व पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए.
#WATCH | Patna, Bihar | Lalu Prasad Yadav's daughters Ragini Yadav, Chanda Yadav, and Raj Lakshmi Yadav leave for Delhi along with their families. pic.twitter.com/crLWfcdzvh
— ANI (@ANI) November 16, 2025
लालू परिवार में क्यों मचा घमासान?
बीते कई दिनों से लालू परिवार में तनाव खुलकर सामने आ रहा है. पहले तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से अलग किया गया, और अब रोहिणी आचार्य ने भी पार्टी व राजनीति से किनारा कर लिया है. रोहिणी ने आरोप लगाया कि संजय यादव और रमीज उन पर दबाव बना रहे थे और उनकी बातों पर किसी की सुनवाई नहीं हो रही थी. वहीं, तेज प्रताप भी बहन का दर्द देखकर भड़क उठे. उन्होंने कहा, "हमारी बहन को जो अपमान करेगा उस पर सुदर्शन चक्र चलेगा."
रोहिणी आचार्य ने क्या आरोप लगाए?
रोहिणी ने घर छोड़ते समय कहा, "मेरा अब कोई परिवार नहीं है, उन्हीं लोगों ने मुझे घर से निकाला है. संजय-रमीज का नाम लेने पर परेशान किया जाता है." उन्होंने राजनीति छोड़ने की वजह बताते हुए कहा कि पार्टी का हाल पूछने वाला कोई नहीं है और उनकी आवाज़ सिर्फ दबाई गई है.
तेजस्वी यादव पर गंभीर व्यक्तिगत आरोप
सबसे बड़ा तूफ़ान तब आया जब रोहिणी ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर एक भावनात्मक और दर्द भरी पोस्ट लिखी. उन्होंने दावा किया कि परिवार के भीतर उन्हें गालियों का सामना करना पड़ा और उनकी दी गई किडनी पर भी सवाल उठाए गए.
पोस्ट में रोहिणी ने लिखा, “मुझे कहा गया कि मैंने अपने पिता को गंदी किडनी लगाई, करोड़ों रुपए लिए, टिकट लिया... मैं सभी बेटी-बहनों से कहना चाहती हूं, अपने पिता की जान बचाने की गलती मत करना. मुझे आज गुनहगार बना दिया गया.” उन्होंने यह भी बताया कि किडनी देने के समय उन्होंने न पति से अनुमति ली, न ससुराल से, “मैंने अपने भगवान-पिता के लिए सब कुछ किया, पर आज उसी त्याग को गंदा बताया जा रहा है.”
परिवार की टूटन, राजनीति पर पड़ा साया
इन आरोपों और लगातार बढ़ते तनाव के बाद यह स्पष्ट है कि लालू परिवार अभूतपूर्व संकट से गुजर रहा है. एक तरफ चार बेटियां घर छोड़कर अलग-अलग शहरों में जा रही हैं, दूसरी तरफ पार्टी के भीतर भी अस्थिरता तेजी से बढ़ रही है. इस पूरे विवाद का असर न सिर्फ परिवार पर बल्कि बिहार की राजनीति पर भी गहराई से पड़ने वाला है.
यह भी पढ़ें- चंद्रयान-4 मिशन को को सरकार ने दी मंजूरी, 2027 में होगी लॉन्चिंग, जान लीजिए 2035 तक ISRO का रोडमैप