Bihar: शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और महिला सशक्तिकरण... 22 मिनट के भाषण में सीएम नीतीश ने बता दिया अगले पांच का रोडमैप

CM Nitish Kumar Speech: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा में लगभग 22 मिनट तक राज्य सरकार की उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं और विकास मॉडल पर विस्तृत बात रखी. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार ने कानून-व्यवस्था, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्रों में व्यापक बदलाव देखा है.

Bihar Education health employment women empowerment CM Nitish kumar
Image Source: Social Media

CM Nitish Kumar Speech: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा में लगभग 22 मिनट तक राज्य सरकार की उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं और विकास मॉडल पर विस्तृत बात रखी. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार ने कानून-व्यवस्था, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्रों में व्यापक बदलाव देखा है.

उन्होंने कहा कि 24 नवंबर 2005 को जब पहली बार NDA सरकार बनी, तभी से “कानून का राज” स्थापित हुआ और बिहार के विकास की आधारशिला रखी गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने हमेशा भरोसा दिखाया है, जिसकी वजह से सरकार दीर्घकालिक योजनाओं पर निरंतर काम कर पाई.

शिक्षा: BPSC भर्ती और शिक्षकों की संख्या में भारी वृद्धि

नीतीश कुमार ने शिक्षा को राज्य की सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया. उन्होंने कहा कि बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के माध्यम से 2 लाख 58 हजार सरकारी शिक्षकों की नियुक्ति की गई है. नियोजित शिक्षकों को अब BPSC की कठोर परीक्षा नहीं देनी होगी, बल्कि सरल मूल्यांकन प्रक्रिया अपनाई गई है. 

इस समय केवल 77 हजार नियोजित शिक्षकों की भर्ती बाकी है. सभी नियुक्तियों के पूरा होने के बाद राज्य में शिक्षकों की संख्या 5 लाख 20 हजार तक पहुंच जाएगी, जो देश के सबसे बड़े शिक्षक नेटवर्क में से एक होगी. उन्होंने कहा कि बेहतर विद्यालय, अधिक शिक्षक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सरकार लगातार संसाधन बढ़ा रही है.

स्वास्थ्य: 27 नए मेडिकल कॉलेज और बड़े अस्पतालों का विस्तार

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में चल रहे बड़े कामों का भी उल्लेख किया. उनके मुताबिक 27 जिलों में नए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण जारी है. पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) को 5,400 बेड की क्षमता वाले आधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में बदला जा रहा है. IGIMS में 3,000 बेड के विस्तार पर काम चल रहा है.

उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं पूरी होने के बाद बिहार में मेडिकल सीटों और स्वास्थ्य सुविधाओं का स्तर देश के कई विकसित राज्यों की बराबरी पर पहुंच जाएगा.

सड़क और कनेक्टिविटी: “5 घंटे में कहीं से भी पटना” लक्ष्य पूरा

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में सड़क निर्माण और कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए वर्षों से किए जा रहे प्रयास अब परिणाम दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य था कि बिहार के किसी भी हिस्से से पटना तक पहुंचने में अधिकतम 5 घंटे लगें और यह लक्ष्य पूरा हो चुका है.

कृषि से आत्मनिर्भरता: मछली उत्पादन में भारी वृद्धि

साल 2008 में तैयार किए गए पहला कृषि रोडमैप को याद करते हुए सीएम ने बताया मछली उत्पादन पिछले वर्षों की तुलना में 2.5 गुना से अधिक बढ़ चुका है. बिहार अब मछली उत्पादन के मामले में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ चुका है. कृषि, पशुपालन और जलसंसाधन से जुड़े कई क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर बने हैं.

रोजगार: 40 लाख नौकरियां और अगले 5 साल का वादा

मुख्यमंत्री ने रोजगार को अपनी सरकार की बड़ी उपलब्धियों में गिनाया. उन्होंने कहा, पिछले वर्षों में 40 लाख से अधिक लोगों को नौकरी या रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए. आने वाले पांच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने कहा कि औद्योगिक निवेश बढ़ाने पर विशेष फोकस रखा जाएगा, जिससे राज्य में निजी क्षेत्र के रोजगार भी बढ़ें.

महिला सशक्तिकरण: देश में सबसे अधिक पुलिस में महिलाएं

नीतीश कुमार ने बताया कि बिहार पुलिस में महिलाओं की भागीदारी आज देश में सबसे अधिक है. इसके साथ ही कई प्रमुख कार्यक्रम महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में लागू किए गए हैं.

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 1 करोड़ 56 लाख महिलाओं को 10,000 रुपये की सहायता दी गई है. उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में महिलाओं की भागीदारी शासन, सुरक्षा और अर्थव्यवस्था के हर स्तर पर और बढ़ाई जाएगी.

बिजली और ऊर्जा: फ्री बिजली और सोलर प्लान

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने पर काम कर रही है. साथ ही घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने की योजना भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है.

अल्पसंख्यक समुदाय के लिए योजनाएं

नीतीश कुमार ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि सरकार ने सभी समुदायों के लिए योजनाएँ चलाई हैं. उन्होंने बताया कि मदरसों को सरकारी मान्यता दी गई है, अल्पसंख्यक शिक्षा और कौशल कार्यक्रमों को व्यापक रूप से बढ़ाया गया है.

पीएम मोदी को धन्यवाद और विपक्ष पर कटाक्ष

सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार की आर्थिक सहायता से कई बड़े प्रोजेक्ट पूरे हो पाए हैं, इसलिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देने की अपील की. विपक्ष की ओर देखते हुए उन्होंने कहा, “दो बार आपको रखा, सब बात सुनते थे. लेकिन अब आपके साथ कभी नहीं जाएंगे.”

भविष्य का खाका, तेज़ी से औद्योगीकरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले पाँच साल में औद्योगिक विकास, शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्रामीण अर्थव्यवस्था, इन तीन क्षेत्रों पर बड़ा निवेश किया जाएगा. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य मिलकर बिहार को तेजी से विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए काम कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें- पुरानी यादें कर देगा ताजा! क्या है Youtube का Recap फीचर? जानें खासियत