BPSC TRE-4: बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी मंगलवार को बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की. वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच मंदिर परिसर में पूजा कार्यक्रम संपन्न हुआ. मंदिर के पुजारी कन्हैया ठाकुर और संजीव ठाकुर ने पूजा संपन्न कराई.
पूजा के बाद शिक्षा मंत्री ने बीपीएससी शिक्षक भर्ती टीआरई-4 को लेकर बड़ा बयान दिया, जिसे राज्य के लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए अहम संकेत माना जा रहा है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि शिक्षक उम्मीदवारों को सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के बजाय अपनी पढ़ाई और तैयारी पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि सरकार जल्द ही नई बहाली प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में काम कर रही है.
टीआरई-4 भर्ती को लेकर क्या बोले मंत्री?
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षक अभ्यर्थियों की मांगों को गंभीरता से देख रही है और बहुत जल्द नई भर्ती प्रक्रिया लाई जाएगी. उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी धैर्य बनाए रखें और अपनी तैयारी जारी रखें.
उनके मुताबिक, जब भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी तो उम्मीदवारों को परीक्षा देकर अपनी योग्यता साबित करने का अवसर मिलेगा. मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य योग्य अभ्यर्थियों को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत शिक्षक बनाना है.
सहयोग शिविर में शामिल होने पहुंचे थे सहरसा
जानकारी के अनुसार, शिक्षा मंत्री सहरसा में आयोजित सहयोग शिविर में हिस्सा लेने पहुंचे थे. इसी दौरान वह मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर स्थित बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे.
मंदिर में पूजा के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं. लंबे समय से टीआरई-4 भर्ती की घोषणा का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के बीच मंत्री के बयान के बाद उम्मीद बढ़ गई है.
बीपीएससी की दो परीक्षाओं पर भी दिया जवाब
बीपीएससी द्वारा दो परीक्षाएं आयोजित किए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर भी शिक्षा मंत्री ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और जो भी फैसला लिया जाएगा, वह अभ्यर्थियों के हित को ध्यान में रखकर लिया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसी भी अभ्यर्थी के साथ अन्याय नहीं होने देगी और जल्द ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी.
मंदिर न्यास के जरिए आरोग्य शाला बनाने की मांग
पूजा कार्यक्रम के बाद भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. आभाष आनंद झा ने शिक्षा मंत्री का मिथिला पाग, अंगवस्त्र और भगवान परशुराम का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मान किया.
इस दौरान उन्होंने सिंहेश्वर न्यास के माध्यम से आरोग्य शाला, वेद शाला, योग शाला और भोज शाला निर्माण की मांग भी उठाई. उनका कहना था कि जिस तरह महावीर मंदिर के जरिए महावीर कैंसर संस्थान संचालित किया जा रहा है, उसी मॉडल पर सिंहेश्वर क्षेत्र में भी धार्मिक और सामाजिक संस्थानों का विकास किया जा सकता है, जिससे श्रद्धालुओं और आम लोगों को लाभ मिलेगा.
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
इस मौके पर भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यक्रम में स्वदेश कुमार, दिवाकर सिंह, विनोद सरदार, राहुल यादव, विष्णु शर्मा, सुधेश शर्मा समेत कई भाजपा पदाधिकारियों ने शिक्षा मंत्री का स्वागत और अभिनंदन किया.
इसके अलावा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. शशि शेखर सम्राट, साजन शर्मा, भैरव झा, अभिषेक साह, संजय पाठक, देव नेहरू, किशोर लेहरी, प्रिंस यादव, त्रिलोक नाथ मिश्रा, मनोज गुप्ता, राजा साह और सुभाष चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें- उमर खालिद को बड़ा झटका, कड़कड़डूमा कोर्ट ने खारिज की अंतरिम जमानत याचिका