बिहार की महिलाओं के लिए विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ी खुशखबरी आई है. राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने के लिए खास योजना लेकर आई है, जिसके तहत आज 26 सितंबर को करीब 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सीधी आर्थिक मदद पहुंचाई जाएगी. इस योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए करेंगे.
बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की पहली किस्त जारी करने का ऐलान किया है. इस योजना के तहत हर महिला को 10,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी, ताकि वे अपने मनचाहे स्वरोजगार को शुरू कर सकें. यह योजना खासतौर पर महिलाओं की आजीविका सुधारने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए तैयार की गई है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत अन्य कई मंत्रिगण भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे.
योजना के प्रमुख लाभ और शर्तें
इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि प्रत्येक परिवार की एक महिला को पहली किस्त के तौर पर 10,000 रुपए सीधे उनके बैंक खाते में भेजे जाएंगे. इसके बाद छह महीने के भीतर किए जाने वाले मूल्यांकन के आधार पर 2 लाख रुपए तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी मिल सकती है. इसके अलावा, योजना में स्वयं सहायता समूहों को कार्य प्रशिक्षण देने और ग्रामीण हाट-बाजारों के विकास के जरिए महिलाओं के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने का प्रावधान भी है.
ग्रामीण हाट-बाजारों का होगा विकास
इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के हाट-बाजारों को आधुनिक रूप से विकसित किया जाएगा ताकि महिलाओं के उत्पादों को अधिक से अधिक ग्राहकों तक पहुंचाया जा सके. इससे न केवल महिलाओं की आमदनी बढ़ेगी, बल्कि उनके सामाजिक और आर्थिक स्थिति में भी सुधार आएगा. इस पहल से बिहार की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और राज्य के विकास में महिलाओं का योगदान बढ़ेगा.
यह भी पढ़ें: Bihar Election 2025: आज 75 लाख महिलाओं को सौगात देंगे पीएम मोदी, सीधे खाते में आएंगे 10 हजार रुपये