Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना 14 नवंबर की सुबह से शुरू हो गई है. दोपहर तक यह साफ हो जाएगा कि इस बार बिहार की जनता ने सत्ता की चाबी किस पार्टी को सौंपी है. हालांकि यह चुनाव केवल राजनीतिक दलों की जंग नहीं रहा, बल्कि इसमें मनोरंजन जगत का दखल भी खूब देखने को मिला. भोजपुरी और फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नाम इस बार सीधी चुनावी लड़ाई में उतरे हैं, जिससे मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है. ऐसे में पूरे राज्य की नजर अब इस बात पर टिकी है कि क्या स्टारडम जनता के वोटों में तब्दील हो पाएगा या नहीं.
भोजपुरी दुनिया के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव की एंट्री ने छपरा विधानसभा सीट को इस बार सबसे चर्चित बना दिया है. RJD उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे खेसारी का प्रचार अभियान किसी मेगा शो से कम नहीं रहा. उनकी रैलियों में उमड़ी भीड़ ने माहौल गरमा दिया और कई राजनीतिक विश्लेषकों ने इसे उनकी संभावित जीत का संकेत माना. लेकिन मुकाबला जितना आसान दिख रहा था, असल में उतना है नहीं. खेसारी के खिलाफ भोजपुरी सितारे मनोज तिवारी, रवि किशन और पवन सिंह जैसे बड़े नामों ने मोर्चा संभालते हुए उनके खिलाफ जोरदार प्रचार किया. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता ने खेसारी के स्टारडम पर वोट दिया या जातिगत व राजनीतिक समीकरणों को तरजीह दी.
करगहर में रितेश पांडे की लोकप्रियता का टेस्ट
करगहर विधानसभा सीट पर भोजपुरी गायक रितेश पांडे की मौजूदगी ने मुकाबले को खास बना दिया है. प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार बनाकर एक बड़ा दांव खेला है. रितेश पांडे की लोकप्रियता सोशल मीडिया से लेकर गांवों तक फैली हुई है. उनका गाना ‘हैलो कौन’ लगभग एक अरब व्यूज के साथ भोजपुरी इंडस्ट्री का सबसे लोकप्रिय गाना बन चुका है. लेकिन राजनीति का समीकरण मनोरंजन जगत से अलग है. जनता से जुड़ाव, संगठन की ताकत और स्थानीय मुद्दों को समझना ही किसी उम्मीदवार का असली इम्तिहान तय करता है. यह चुनाव बताएगा कि रितेश पांडे की लोकप्रियता राजनीति में कितना असर छोड़ पाती है.
अलीनगर में मैथिली ठाकुर का पहला चुनावी मुकाबला
लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने इस चुनाव में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़कर सभी को हैरान किया. भाजपा ने उन्हें दरभंगा की अलीनगर सीट से टिकट दिया, जहां उनका मुकाबला आरजेडी से रहा. चुनाव प्रचार के दौरान उनकी उम्मीदवारी पर ‘बाहरी बनाम स्थानीय’ का मुद्दा बार-बार उछला, जिससे माहौल और गर्म हुआ. उनकी लोकप्रियता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी इस क्षेत्र में सभा करने उतरना पड़ा. अब मतगणना यह तय करेगी कि क्या मैथिली का सांस्कृतिक प्रभाव राजनीतिक सफलता में बदल पाएगा या नहीं.
भागलपुर में नेहा शर्मा के रोड शो का क्या पड़ेगा असर
भागलपुर की सीट इस बार इसलिए भी सुर्खियों में रही, क्योंकि यहां से कांग्रेस उम्मीदवार अजीत शर्मा मैदान में हैं, जो बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा शर्मा के पिता हैं. नेहा शर्मा अपने पिता के समर्थन में भागलपुर पहुंचीं और उनके लिए रोड शो किया. उनकी मौजूदगी ने इलाके में चर्चा जरूर बढ़ाई, लेकिन यह वोटों में बदल पाई है या नहीं, इसका फैसला आज की गिनती कर देगी.
पटना की दीघा सीट से सुशांत सिंह राजपूत की बहन का संघर्ष
इस चुनाव में एक और चर्चित नाम जुड़ा—दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की चचेरी बहन दिव्या गौतम. उन्हें भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) ने पटना की दीघा सीट से उतारा है. दिव्या ने प्रचार के दौरान सुशांत की मौत और न्याय के मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया. उन्होंने जनता से अपील की कि वे न्याय के लिए खड़े हों और उनके संघर्ष का साथ दें. चुनाव परिणाम यह बताएगा कि भावनात्मक मुद्दे और व्यक्तिगत संघर्ष राजनीति में कितनी ताकत रखते हैं.
पवन सिंह का पूरे बिहार में धमाकेदार प्रचार
भोजपुरी स्टार पवन सिंह भले ही खुद मैदान में नहीं थे, लेकिन बीजेपी के लिए उनका प्रचार अभियान सबसे प्रभावी रहा. उन्होंने पूरे बिहार का दौरा किया और दावा किया कि जनता का मूड एनडीए सरकार के पक्ष में है. पवन सिंह की लोकप्रियता ने बीजेपी को गांवों और युवाओं तक पहुंचाने में मदद की. अब मतगणना बताएगी कि क्या उनकी मेहनत ने बीजेपी के खाते में महत्वपूर्ण बढ़त दर्ज कराई है.
काराकाट की चर्चा में पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह
काराकाट सीट भी इस बार खूब चर्चा में रही. यहां से पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा है. चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने घर-घर जाकर वोट मांगे. पवन सिंह और ज्योति के रिश्तों से जुड़े विवादों ने भी इस सीट को सुर्खियों में बनाए रखा. जनता के फैसले से अब साफ हो जाएगा कि क्या ज्योति सिंह का राजनीतिक सपना इस चुनाव में पूरा हो पाता है.
यह भी पढ़ें: Mokama Chunav Result: अनंत सिंह के घर शुरू हुई जश्न की तैयारी, क्या वीणा देवी रोक पाएंगी विजयी रथ?