महज 14 साल की उम्र में क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके वैभव सूर्यवंशी अब लोकतंत्र के मैदान में भी एक नई भूमिका निभा रहे हैं. बिहार से ताल्लुक रखने वाले इस युवा क्रिकेटर को भारत निर्वाचन आयोग ने ‘फ्यूचर वोटर आइकॉन’ नियुक्त किया है. यह जिम्मेदारी उन्हें इसलिए सौंपी गई है ताकि वे युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक कर सकें.
वैभव सूर्यवंशी ने साल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए आईपीएल में डेब्यू किया था. डेब्यू सीज़न में ही उन्होंने इतिहास रच दिया और टूर्नामेंट का दूसरा सबसे तेज़ शतक अपने नाम कर लिया. इसके बाद वह अंडर-19 टीम के साथ इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर गए और वहां भी अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरीं. उनके निरंतर प्रदर्शन को देखते हुए रणजी ट्रॉफी में उन्हें बिहार टीम का उपकप्तान बनाया गया.
अब निभा रहे हैं सामाजिक ज़िम्मेदारी
खेल के मैदान में सफलता के बाद अब वैभव एक नई जिम्मेदारी निभा रहे हैं — लोगों को वोट देने के लिए प्रेरित करने की. बिहार में विधानसभा चुनावों को लेकर युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग ने उन्हें ‘फ्यूचर वोटर आइकॉन’ घोषित किया है.
चुनाव आयोग ने साझा किया वीडियो
चुनाव आयोग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वैभव सूर्यवंशी का एक वीडियो जारी किया है, जिसमें वह बिहार के लोगों से वोट डालने की अपील कर रहे हैं. वीडियो में वैभव कहते हैं,"मैं जब मैदान पर उतरता हूं, तो मेरा मकसद होता है टीम को जीत दिलाना. ठीक उसी तरह लोकतंत्र के मैदान में आपका फर्ज़ है कि आप मतदान करें. एक जागरूक नागरिक बनिए और विधानसभा चुनाव में ज़रूर वोट कीजिए."
बिहार में दो चरणों में होंगे चुनाव
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे. पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा. हर बार की तरह इस बार भी चुनाव आयोग ने समाज के अलग-अलग क्षेत्रों की प्रभावशाली हस्तियों को आइकॉन के रूप में सामने लाकर लोगों को प्रेरित करने की पहल की है. वैभव का चयन इसी उद्देश्य से किया गया है ताकि युवा पीढ़ी लोकतंत्र में अपनी भूमिका को समझे और मतदान के अधिकार का उपयोग करे.
यह भी पढ़ें: Womens World Cup: इंग्लैंड से हार के बाद भी सेमीफाइनल में पहुंच सकता है भारत, क्या है समीकरण?